
रुद्रपुर, प्रेस 15 न्यूज। उधमसिंह नगर के रुद्रपुर में एक साल पुराने वायरल ऑडियो विवाद को लेकर राजनीति और पुलिस कार्रवाई चर्चा में है। साल 2025 के निकाय चुनाव से ठीक पहले सामने आए इस कथित आपत्तिजनक ऑडियो मामले में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं कांग्रेस महिला नेता मीना शर्मा के धरने के बाद आखिरकार पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ी।
रुद्रपुर कोतवाली में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि चुनावी माहौल के दौरान सोशल मीडिया पर जानबूझकर एक आपत्तिजनक ऑडियो क्लिप वायरल की गई, जिसमें कांग्रेस नेत्री मीना शर्मा और उनके पति के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग कर उनकी सामाजिक और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया।
मीना शर्मा का कहना है कि उन्होंने इस मामले की शिकायत करीब एक साल पहले ही पुलिस को सौंपी थी, लेकिन लंबे समय तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। कार्रवाई न होने से नाराज मीना शर्मा समर्थकों के साथ रुद्रपुर कोतवाली परिसर पहुंचीं और सांकेतिक धरने पर बैठ गईं, जिसके बाद मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया।
धरने के दौरान मीना शर्मा ने आरोप लगाया कि उनकी राजनीतिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने के उद्देश्य से यह साजिश रची गई, लेकिन न्याय मिलने के बजाय उन्हें चुप्पी का सामना करना पड़ा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वह आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर होंगी।
धरने की सूचना मिलते ही एसडीएम मनीष बिष्ट मौके पर पहुंचे और मीना शर्मा से वार्ता कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने मीना शर्मा की तहरीर के आधार पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के खिलाफ बीएनएस की धारा 352 एवं 79 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।
मामला दर्ज होने के बाद जिले की राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। अब सभी की निगाहें पुलिस की आगे की जांच और कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।









