
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी का दशम दीक्षांत समारोह 12 जनवरी 2026 को विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी आज आयोजित एक प्रेसवार्ता में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने मीडिया प्रतिनिधियों को दी।
कुलपति प्रो. लोहनी ने कहा कि दीक्षांत समारोह किसी भी विश्वविद्यालय के लिए एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक उपलब्धि का प्रतीक होता है। यह समारोह विश्वविद्यालय का दशम दीक्षांत समारोह है, जिसमें शैक्षणिक सत्र 2024–25 में उत्तीर्ण शिक्षार्थियों को स्नातक, स्नातकोत्तर एवं पीएच.डी. की उपाधियाँ प्रदान की जाएंगी। इसके साथ ही उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को कुलाधिपति स्वर्ण पदक, विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक एवं विभिन्न प्रायोजित व स्मृति पदकों से सम्मानित किया जाएगा।
दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता राज्य के महामहिम राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) करेंगे। कार्यक्रम में माननीय उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इसके अतिरिक्त कार्यपरिषद एवं विद्यापरिषद के सदस्य, शिक्षकगण, अधिकारीगण तथा अन्य गणमान्य अतिथि समारोह में सम्मिलित होंगे।
समारोह का शुभारंभ शैक्षिक शोभायात्रा, राष्ट्रगान, दीप प्रज्वलन एवं विश्वविद्यालय कुलगीत के साथ किया जाएगा। इसके उपरांत माननीय कुलपति द्वारा विश्वविद्यालय की वार्षिक प्रगति आख्या प्रस्तुत की जाएगी तथा उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को दीक्षांत संदेश प्रदान किया जाएगा। समारोह के समापन अवसर पर माननीय कुलाधिपति द्वारा दीक्षांत उद्बोधन दिया जाएगा।
इस दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय की सभी प्रमुख विद्याशाखाओं—मानविकी, समाज विज्ञान, विज्ञान, शिक्षा शास्त्र, वाणिज्य एवं प्रबंधन, स्वास्थ्य विज्ञान, कंप्यूटर विज्ञान एवं सूचना प्रौद्योगिकी, पर्यटन एवं आतिथ्य प्रबंधन, पत्रकारिता एवं मीडिया अध्ययन सहित अन्य विषयों—के विद्यार्थियों को उपाधियाँ प्रदान की जाएंगी। साथ ही शोध कार्य पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों को पीएच.डी. उपाधि से सम्मानित किया जाएगा।
कुलपति ने बताया कि सत्र 2024–25 के लिए कुलाधिपति स्वर्ण पदक स्नातक स्तर पर शिक्षा शास्त्र विद्याशाखा की शिक्षार्थी प्रेरणा भट्ट को बी.एड. कार्यक्रम में सर्वोच्च उपलब्धि हेतु, स्नातकोत्तर स्तर पर मानविकी विद्याशाखा के संस्कृत विषय में प्रवेश कुमार को प्रदान किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक विभिन्न विषयों के कुल 28 मेधावी शिक्षार्थियों को प्रदान किए जाएंगे।
अकादमिक उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय द्वारा कई प्रायोजित एवं स्मृति स्वर्ण पदक भी प्रदान किए जाएंगे, जिनमें ला. देवीकी नंदन–नंद किशोर एजेंसी स्मृति स्वर्ण पदक, श्रीमती शीला देवी स्मृति स्वर्ण पदक, श्रीमती भगवती देवी स्मृति स्वर्ण पदक एवं कल्याण भवति समिति पदक प्रमुख हैं।
दीक्षांत समारोह में कुल 34 शिक्षार्थियों को स्वर्ण पदक, 18,129 शिक्षार्थियों को स्नातक व स्नातकोत्तर उपाधियाँ तथा 6 शिक्षार्थियों को पीएच.डी. उपाधि प्रदान की जाएगी।
समारोह के दौरान विश्वविद्यालय की त्रैमासिक पत्रिका “उड़ान” का विधिवत विमोचन, विश्वविद्यालय की हिंदी वेबसाइट का लोकार्पण तथा विश्वविद्यालय की 20 वर्षों की प्रगति आख्या ‘प्रगति के सोपान’ का विमोचन भी किया जाएगा। इस अवसर पर माननीय उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत द्वारा समारोह को संबोधित किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने कहा कि यह दीक्षांत समारोह केवल शिक्षार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का उत्सव नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, समावेशी शिक्षा प्रणाली, नवाचार एवं सामाजिक दायित्व के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त प्रतीक भी है। विश्वविद्यालय गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के अपने संकल्प पर निरंतर कार्य कर रहा है।
प्रेस वार्ता में कुलसचिव खेमराज भट्ट, प्रो. गिरिजा पाण्डेय, प्रो. पी. डी. पंत, प्रो. राकेश रयाल एवं वित्त नियंत्रक एस. पी. सिंह सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।









