यात्रा सीजन से पहले कैंचीधाम बाईपास होगा चालू, जाम से मुक्ति मिलेगी (video)

खबर शेयर करें -

भवाली, प्रेस 15 न्यूज। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को नैनीताल भ्रमण के दौरान जनपद की प्रमुख परियोजना कैंचीधाम बाईपास (सैनिटोरियम–रातीघाट) सड़क मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से ली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा नीम करोरी महाराज के दर्शन के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु वर्ष भर कैंचीधाम आते हैं। श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने और यातायात जाम की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से इस बाईपास का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग के पूर्ण होने से विश्व प्रसिद्ध श्री कैंचीधाम में लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलेगी।

Ad

लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मनोहर सिंह धर्मशक्तू ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि भवाली सैनिटोरियम से रातीघाट तक प्रस्तावित 18.15 किलोमीटर लंबे बाईपास में से 8 किलोमीटर मार्ग का निर्माण पूर्ण कर हॉटमिक्स भी किया जा चुका है। इस कार्य हेतु विभाग को 12 करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त हुई थी, जिसके अंतर्गत कार्य पूर्ण कर लिया गया है।

शेष 10.15 किलोमीटर मार्ग के लिए पहाड़ कटिंग कार्य हेतु 5 करोड़ 6 लाख रुपये की धनराशि प्राप्त हुई, जिससे पहाड़ कटिंग का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। वर्तमान में 9 करोड़ 81 लाख रुपये की लागत से इस हिस्से में कलमठ निर्माण, सुरक्षा दीवारों का निर्माण एवं अन्य कार्य तीव्र गति से किए जा रहे हैं।

इसके साथ ही बाईपास को रातीघाट स्थित अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने के लिए 74.15 मीटर स्पान के मोटर पुल का निर्माण किया जा रहा है। इस हेतु शासन से 9 करोड़ 63 लाख रुपये की धनराशि प्राप्त हो चुकी है, जिससे पुल निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी निर्माण कार्यों को तेज गति से करते हुए आगामी यात्रा सीजन से पूर्व बाईपास मार्ग को संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कैंचीधाम में लगातार श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है, ऐसे में बेहतर यातायात व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है, ताकि पहाड़ी क्षेत्रों को जाने वाले यात्री इस मार्ग से आसानी से आवागमन कर सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बाईपास के निर्माण से न केवल कैंचीधाम बल्कि भवाली बाजार में लगने वाले जाम से भी निजात मिलेगी, वहीं पर्यटन सीजन में पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 9 करोड़ 99 लाख रुपये की लागत से निर्मित सैनिटोरियम से अल्मोड़ा मार्ग तक भवाली बाईपास सड़क तथा इसी मार्ग में शिप्रा नदी पर निर्मित 30 मीटर स्पान के डबल लेन मोटर पुल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क निर्माण में लगे मजदूरों से बातचीत कर उनका हालचाल भी जाना।

क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने बर्फबारी देखने हेतु देश के विभिन्न हिस्सों से आए पर्यटकों से भी संवाद किया। पर्यटकों ने बताया कि यह क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत सुंदर एवं मनमोहक है तथा उन्हें यहां किसी प्रकार की कोई असुविधा नहीं हुई है।

इस दौरान दर्जा राज्य मंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें