काठगोदाम से हनुमानगढ़ी और कैंची धाम तक रोपवे! 25 मिनट में पहुंचेंगे नैनीताल

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। बाबा नीब करौरी महाराज के विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम तक श्रद्धालुओं की राह आसान करने की दिशा में उत्तराखंड सरकार ने कदम तेज कर दिए हैं। काठगोदाम-हनुमानगढ़ी रोपवे परियोजना को कैंची धाम से जोड़ने की योजना पर बुधवार को काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में उच्च स्तरीय बैठक हुई। प्रमुख सचिव ऊर्जा, नियोजन, सिंचाई एवं लघु सिंचाई डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम की अध्यक्षता में हुई बैठक में कैंची धाम को रोपवे नेटवर्क से जोड़ने के साथ ही हनुमानगढ़ी स्टेशन पर यातायात प्रबंधन को लेकर भी चर्चा हुई।

बैठक में तय किया गया कि काठगोदाम और ज्योलीकोट से कैंची धाम को रोपवे कनेक्टिविटी देने की दिशा में काम आगे बढ़ाया जाएगा। ज्योलीकोट को जंक्शन स्टेशन के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव है, जहां से कैंची धाम की ओर रोपवे कनेक्शन विकसित किया जाएगा। इससे देशभर से कैंची धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को वैकल्पिक और सुगम परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है।

Ad

14.9 किमी लंबा होगा काठगोदाम-हनुमानगढ़ी रोपवे

बैठक में नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट लिमिटेड (एनएचएलएमएल) के प्रोजेक्ट मैनेजर प्रशांत जैन ने परियोजना की जानकारी दी। उनके अनुसार काठगोदाम-हनुमानगढ़ी रोपवे की प्रस्तावित लंबाई 14.9 किलोमीटर होगी। इसमें काठगोदाम, रानीबाग, भुजियाघाट, ज्योलीकोट और हनुमानगढ़ी स्टेशन प्रस्तावित हैं। रोपवे में कुल 58 टावर लगाए जाने हैं।

प्रस्ताव के अनुसार रानीबाग से हनुमानगढ़ी तक का एकतरफा किराया 375 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है। इस मार्ग पर प्रति घंटे करीब 1800 यात्री सफर कर सकेंगे और रानीबाग से हनुमानगढ़ी की यात्रा लगभग 20 से 25 मिनट में पूरी होने का अनुमान है।

कैंची धाम के लिए अलग कनेक्टिविटी की तैयारी

कैंची धाम को जोड़ने की योजना को लेकर हाल की रिपोर्टों में काठगोदाम-ज्योलीकोट-सैनिटोरियम होते हुए कैंची धाम तक करीब 21 किलोमीटर के रोपवे नेटवर्क की डीपीआर तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई है। प्रस्तावित नेटवर्क में ज्योलीकोट को महत्वपूर्ण कनेक्टिंग प्वाइंट के तौर पर देखा जा रहा है।

इसका उद्देश्य कैंची धाम में बढ़ती श्रद्धालुओं की आवाजाही के बीच सड़क मार्ग पर पड़ने वाले दबाव को कम करना और श्रद्धालुओं को वैकल्पिक परिवहन उपलब्ध कराना है। हालांकि परियोजना अभी अध्ययन और डीपीआर की प्रक्रिया में है।

काठगोदाम रेलवे स्टेशन से रोपवे स्टेशन तक आसान होगी पहुंच

यात्रियों की सुविधा के लिए काठगोदाम रेलवे स्टेशन से रोडवेज परिसर तक करीब 250 मीटर लंबा फुट ओवर ब्रिज बनाने का प्रस्ताव है। इससे रेलवे स्टेशन पहुंचने वाले यात्री आसानी से रोपवे स्टेशन तक जा सकेंगे। काठगोदाम और आसपास पार्किंग सुविधाएं विकसित करने की भी योजना है, ताकि बाहर से आने वाले पर्यटक अपने वाहन पार्क कर रोपवे से आगे की यात्रा कर सकें।

हनुमानगढ़ी स्टेशन पर ट्रैफिक का दबाव कम करने पर जोर

प्रमुख सचिव डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम ने निर्देश दिए कि हनुमानगढ़ी रोपवे स्टेशन पर भविष्य में अत्यधिक ट्रैफिक की स्थिति न बने, इसके लिए अभी से समुचित यातायात एवं पार्किंग प्लान तैयार किया जाए।

रानीबाग में प्रस्तावित रोपवे स्टेशन के स्थलीय निरीक्षण के दौरान उन्होंने बताया कि वहां करीब 33 एकड़ भूमि रिक्त है। स्टेशन के साथ पार्किंग सुविधा विकसित करने की दिशा में भी काम किया जाएगा। उन्होंने वन विभाग से संबंधित भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।

नैनीताल के ट्रैफिक को भी मिलेगी राहत

रोपवे परियोजना के धरातल पर उतरने से पर्यटन सीजन और छुट्टियों के दौरान नैनीताल की ओर बढ़ने वाले वाहनों के दबाव को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है। श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सड़क के विकल्प के रूप में रोपवे की सुविधा मिलेगी। इससे पार्किंग की समस्या कम करने के साथ ही काठगोदाम, रानीबाग और आसपास के होटल, होम-स्टे, टैक्सी, रेस्टोरेंट तथा अन्य पर्यटन कारोबार को भी लाभ मिलने की संभावना है।

पहाड़ी क्षेत्र की भौगोलिक संवेदनशीलता को देखते हुए परियोजना को आगे बढ़ाने से पहले तकनीकी अध्ययन और आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी।

बैठक में सचिव लोक निर्माण विभाग, सूचना प्रौद्योगिकी, सुशासन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी एवं आयुष विभाग डॉ. पंकज कुमार पांडेय, सचिव पर्यटन धीराज सिंह गर्ब्याल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, प्रभागीय वनाधिकारी आकाश गंगवार, अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, एनएचएलएमएल के प्रोजेक्ट मैनेजर प्रशांत जैन, उपजिलाधिकारी मोनिका सहित लोक निर्माण विभाग, विद्युत, वन, सिंचाई और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

What’s your Reaction?
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें