
लोहाघाट, प्रेस 15 न्यूज। दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराने वाली आईटीबीपी की 11 सदस्यीय महिला पर्वतारोहण दल की सदस्य एवं खटीमा निवासी तिला सेन का गुरुवार को आईटीबीपी की 36वीं वाहिनी में हिमवीर अधिकारियों ने भावपूर्ण स्वागत कर सम्मानित किया। अधिकारियों ने उनके साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और आत्मविश्वास की सराहना की।
इसी वर्ष 21 मई को आईटीबीपी के 11 सदस्यीय महिला पर्वतारोहण दल ने माउंट एवरेस्ट फतह कर देश का गौरव बढ़ाया था। इस ऐतिहासिक अभियान में खटीमा निवासी तिला सेन भी शामिल थीं। 36वीं वाहिनी में आयोजित सम्मान समारोह में अल्मोड़ा क्षेत्र के उपमहानिरीक्षक गिरीश चंद्र पुरोहित ने तिला सेन को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
डीआईजी गिरीश चंद्र पुरोहित ने कहा कि तिला सेन ने अपने अदम्य साहस और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए यह उपलब्धि हासिल की है। उनकी सफलता से देश की अन्य महिलाओं का भी उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ेगा।
वाहिनी के कमांडेंट संजय कुमार ने कहा कि तिला सेन की उपलब्धि पर आईटीबीपी के सभी जवानों और अधिकारियों को गर्व है। उन्होंने साबित किया है कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से पीछे नहीं हैं। उनके साहस और उपलब्धि ने आईटीबीपी की गरिमा और गौरव को और बढ़ाया है।
इस अवसर पर 34वीं वाहिनी के कमांडेंट राजेश कुमार जोशी, 50वीं वाहिनी के कमांडेंट शैलेंद्र सिंह नगरकोटी, 14वीं वाहिनी के कमांडेंट राम भरत सिंह कुशवाह, अल्मोड़ा के द्वितीय कमान अधिकारी भानु प्रताप सिंह, एसीएमओ डॉ. शुभम मोहनपुरिया तथा सहायक सेनानी अंकुर कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
(लोहाघाट से वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडेय की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)









