
नैनीताल/ हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। जिला खेल कार्यालय हल्द्वानी एवं जिला प्रशासन नैनीताल के संयुक्त निर्देशन में आज 27 जनवरी से मल्लीताल स्थित प्लैट्स मैदान में आयोजित होने वाली क्रिकेट प्रतियोगिता विवाद के चलते प्रारंभ नहीं हो सकी। प्रतियोगिता का आयोजन विभागीय मानकों के अनुरूप पूर्णतः निःशुल्क किया जाना था, जिसके लिए “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर कुल 32 टीमों का पंजीकरण किया गया था।
जिला क्रीड़ा अधिकारी निर्मला पंत ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए खेल विभाग द्वारा 17 जनवरी 2026 को विज्ञप्ति प्रकाशित कर पंजीकरण की अंतिम तिथि 24 जनवरी सायं 5 बजे निर्धारित की गई थी। प्रतियोगिता के सफल संचालन हेतु पिछले लगभग 20 दिनों से क्रिकेट पिच का निर्माण किया जा रहा था और रजिस्ट्रेशन, ड्रॉ सहित सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई थीं।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का पहला मैच नेक्सस बनाम नैनीताल जायंट्स के बीच खेला जाना था। इसी क्रम में जब आज सुबह करीब 8:30 बजे खेल विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक, कर्मचारी एवं टीमों के खिलाड़ी मैदान पर मैट बिछाने पहुंचे, उसी समय नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल के निर्देशन में लगभग 50 से अधिक व्यक्तियों द्वारा पिच पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल और समर्थकों का कहना था कि पहले यहां पृथ्वीराज स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित होगी।
जिला क्रीड़ा अधिकारी के अनुसार, प्रदर्शनकारियों द्वारा पिच पर अपनी आधी क्रिकेट मैट बिछाकर खेल विभाग के खिलाफ नारेबाजी की गई। इस दौरान कुछ व्यक्तियों द्वारा उनके साथ अभद्र भाषा एवं अनुचित व्यवहार भी किया गया, जिसकी लिखित शिकायत थाना मल्लीताल के प्रभारी निरीक्षक को दी गई है।
इस घटनाक्रम के कारण विभागीय खेल आयोजन एवं संचालन कार्य में बाधा उत्पन्न हुई, जिससे मैदान पर मैच खेलने पहुंची टीमों के खिलाड़ी बेहद हताश और निराश नजर आए। जिला क्रीड़ा अधिकारी निर्मला पंत ने कहा कि इस घटना से क्रिकेट खेल और खिलाड़ियों की भावनाएं आहत हुई हैं।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल सभी टीमों को प्रतियोगिता के नए कार्यक्रम, तिथि एवं समय की सूचना शीघ्र प्रदान की जाएगी।









