
नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। नैनीताल में पारिवारिक तनाव ने एक और घर की खुशियां छीन लीं। सात वर्षों से संतान सुख की प्रतीक्षा कर रहे 32 वर्षीय युवक ने वैवाहिक जीवन में बढ़ती दूरियों और मानसिक तनाव के बीच ऐसा कदम उठा लिया, जिससे पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
नगर पालिका में कार्यरत युवक की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
तल्लीताल के हरिनगर निवासी 32 वर्षीय दीपक आर्या नगर पालिका में कार्यरत था। दो भाई और एक बहन में सबसे बड़ा दीपक अपने परिवार के साथ रहता था। दीपक उसका छोटा भाई और सबसे छोटी बहन सभी शादीशुदा हैं।
दीपक की मां एक सरकारी स्कूल में भोजन माता का काम करती हैं। दीपक के स्वर्गीय पिता तल्लीताल थाने के समीप फ़ड लगाकर मूंगफली बेचा करते थे। बताया गया है कि दीपक का विवाह सात वर्ष पूर्व हुआ था, लेकिन बच्चे नहीं होने के कारण उसका तीन वर्षों से अपनी पत्नी से रिश्ते ठीक नहीं चल रहे थे।
टेंशन में रहने वाला दीपक शराब का आदी हो गया था। आज दीपक ने घर के कमरे की छत में रस्सी से लटककर अपनी जान दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शरीर को अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल समेत पालिका से जुड़े लोग पहुंचे थे।
(नैनीताल से वरिष्ठ पत्रकार कमल जगाती की रिपोर्ट)









