टनकपुर-पिथौरागढ़ हाईवे पर बड़ी राहत, स्वाला डेंजर जोन में सुरक्षा काम अंतिम दौर में

खबर शेयर करें -

चम्पावत, प्रेस 15 न्यूज। पिथौरागढ़-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित संवेदनशील स्वाला डेंजर जोन में चल रहे पहाड़ी सुदृढ़ीकरण एवं ट्रीटमेंट कार्यों का केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं तकनीकी टीम से कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि कुमाऊं क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के उद्देश्य से वर्ष 2017 में ऑल वेदर रोड परियोजना शुरू की गई थी। इसके निर्माण से टनकपुर से पिथौरागढ़, धारचूला, गुंजी और लिपुलेख तक आवागमन सुगम हुआ है।

Ad

उन्होंने बताया कि मानसून के दौरान स्वाला जैसे संवेदनशील स्थलों पर भूस्खलन और प्राकृतिक आपदा के कारण यातायात प्रभावित होता था। इसे देखते हुए स्वाला के ऊपरी हिस्से के ट्रीटमेंट के लिए भारत सरकार ने करीब 17.85 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी थी। इसके तहत किए जा रहे सुरक्षात्मक कार्य लगभग पूर्ण हो चुके हैं। इन कार्यों का असर इस मानसून में भी देखने को मिला और स्वाला क्षेत्र में बारिश के बावजूद यातायात बाधित नहीं हुआ।

अजय टम्टा ने बताया कि स्वाला के निचले हिस्से के उपचार एवं सुरक्षा कार्यों के लिए करीब 8.25 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इस कार्य का लगभग 85 से 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और जल्द ही ब्लैकटॉपिंग का कार्य भी किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि क्वारब में भी यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बाईपास सड़क और दो बैली ब्रिज का निर्माण किया गया है। इससे आपदा या सड़क अवरुद्ध होने की स्थिति में वैकल्पिक मार्ग के माध्यम से आवागमन जारी रखने में मदद मिल रही है।

केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री की सतत निगरानी में आपदा की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इन कार्यों से क्षेत्र के स्थानीय निवासियों के साथ-साथ पर्वतीय क्षेत्रों में आवागमन करने वाले यात्रियों को भी बड़ी राहत मिली है।

निरीक्षण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत, राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता विभोर गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी एवं तकनीकी टीम मौजूद रही।

(लोहाघाट से वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडेय की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)

What’s your Reaction?
+1
1
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें