नैनीताल, देहरादून, चमोली और पिथौरागढ़ को बड़ी सौगात, सीएम धामी ने ₹17 करोड़ की योजनाओं को दी मंजूरी

खबर शेयर करें -

देहरादून/ हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। उत्तराखंड में विकास कार्यों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न जनहित योजनाओं के लिए करीब ₹17 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।

इस राशि से पेयजल व्यवस्था मजबूत करने, सीवर लाइन बिछाने, भू-धंसाव प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य, आपदा प्रभावित परिवारों की सहायता, मंदिर सौंदर्यीकरण और खेल सुविधाओं के विकास जैसे कार्यों को गति मिलेगी।

Ad

मुख्यमंत्री ने जनपद नैनीताल की हल्द्वानी शाखा के अंतर्गत विभिन्न नलकूपों पर 15 वर्ष पुराने पंप सेटों को हटाकर ऊर्जा दक्ष नए पंप सेट लगाने के लिए ₹3.01 करोड़ की योजना को मंजूरी दी है। इससे पेयजल आपूर्ति व्यवस्था अधिक प्रभावी होने की उम्मीद है।

इसके अलावा देहरादून के रायपुर विधानसभा क्षेत्र के रामगढ़ (वाणी विहार) में सीवर लाइन बिछाने के लिए ₹3.11 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।

चमोली जिले के ज्योतिर्मठ में वर्ष 2023 के भू-धंसाव से प्रभावित क्षेत्रों में प्रस्तावित स्लोप स्टेबलाइजेशन कार्यों के लिए भूमि अधिग्रहण हेतु राज्य आकस्मिकता निधि से ₹10 करोड़ की मंजूरी भी मुख्यमंत्री ने प्रदान की है।

प्राकृतिक एवं दैवीय आपदा से प्रभावित देहरादून जिले के मझाड़ा और कालीगाड़ गांव के 14 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर किराये के मकान उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से ₹3.36 लाख की स्वीकृति दी गई है। प्रत्येक परिवार को ₹4,000 प्रतिमाह की दर से सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

इसके साथ ही पिथौरागढ़ जिले के ग्राम मिलम स्थित नंदा देवी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹90.16 लाख तथा उत्तरांचल प्रेस क्लब को खेल सामग्री क्रय करने के लिए ₹5 लाख की आर्थिक सहायता भी स्वीकृत की गई है।

मुख्यमंत्री की इन स्वीकृतियों से पेयजल, आधारभूत सुविधाओं, आपदा प्रबंधन, धार्मिक स्थलों के विकास और खेल गतिविधियों को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

What’s your Reaction?
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें