
चम्पावत, प्रेस 15 न्यूज। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की महत्वाकांक्षी घोषणाओं में शामिल चम्पावत एडवेंचर पार्क परियोजना को बड़ा प्रशासनिक बल मिल गया है। उत्तराखण्ड शासन ने पार्क के निर्माण के लिए ₹3.05 करोड़ (305.34 लाख) की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। इससे जिले में साहसिक पर्यटन को नई पहचान मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होने की उम्मीद है।
शासनादेश के अनुसार परियोजना का निर्माण कुमाऊँ मण्डल विकास निगम (केएमवीएन) के माध्यम से कराया जाएगा। निर्माण कार्य स्वीकृत आगणन और निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप होगा। निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद वास्तविक व्यय के आधार पर धनराशि खर्च की जाएगी तथा सभी विभागीय और तकनीकी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
परियोजना के क्रियान्वयन के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में ₹1.22 करोड़ की धनराशि व्यय करने की भी स्वीकृति दी गई है। प्रशासन का मानना है कि यह परियोजना चम्पावत को एडवेंचर टूरिज्म का नया केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की दूरदर्शी सोच के अनुरूप यह परियोजना जिले में पर्यटन विकास को नई गति देगी। उन्होंने कार्यदायी संस्था और संबंधित विभागों को गुणवत्ता एवं समयसीमा का विशेष ध्यान रखते हुए निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
एडवेंचर पार्क के निर्माण से चम्पावत में पर्यटकों की संख्या बढ़ने, स्थानीय कारोबार को गति मिलने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद जताई जा रही है।
( गणेश दत्त पांडेय वरिष्ठ पत्रकार, लोहाघाट से एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)









