Haldwani: नन्हीं कलम, बड़े विचार… APS के विद्यार्थियों ने कविताओं से जीत लिया दिल

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल, लामाचौड़ में आयोजित स्वरचित कविता प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा पूरे शबाब पर नजर आई। कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं ने अपनी मौलिक रचनाओं के माध्यम से न केवल साहित्यिक कौशल का परिचय दिया, बल्कि सामाजिक सरोकारों और समसामयिक मुद्दों पर भी अपनी संवेदनशील सोच को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया।

आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल, लामाचौड़ में बुधवार को स्वरचित कविता प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी मौलिक रचनाओं का ओजपूर्ण एवं भावपूर्ण काव्य-पाठ किया।

Ad

प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने हास्य, वीर, भक्ति और श्रृंगार रस के साथ-साथ समकालीन सामाजिक विषयों पर भी अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं।

राम मंदिर चढ़ावा चोरी, नीट पेपर लीक, पुलिस की बर्बरता, लखनऊ अग्निकांड सहित विभिन्न सामाजिक घटनाओं पर आधारित कविताओं ने श्रोताओं और निर्णायक मंडल को विशेष रूप से प्रभावित किया। विद्यार्थियों की लेखनी में सामाजिक चेतना, संवेदनशीलता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।

निर्णायक मंडल ने कविता की मौलिकता, भाव, भाषा-शैली, प्रस्तुति और विषय-वस्तु के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को हरफनमौला साहित्यिक संस्था की ओर से प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। वहीं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को संस्था के आगामी विराट कवि सम्मेलन में काव्य-पाठ करने का अवसर भी दिया जाएगा।

साहित्यिक संस्था के अध्यक्ष गौरव त्रिपाठी ने विद्यार्थियों की रचनात्मक क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि साहित्यिक गतिविधियां बच्चों में सृजनशीलता, आत्मविश्वास और समाज के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं।

विद्यालय के प्रधानाचार्य वीरेन्द्र सिंह ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।

विद्यालय के प्रबंधक भुवन चंद्र उपाध्याय ने कहा कि आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल में हमारा उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम तक सीमित शिक्षा देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के भीतर छिपी रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करना भी है। स्वरचित कविता प्रतियोगिता जैसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति की क्षमता और सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता विकसित करते हैं।

हमें गर्व है कि हमारे विद्यार्थियों ने समसामयिक विषयों पर इतनी परिपक्व और प्रभावशाली रचनाएं प्रस्तुत कीं। भविष्य में भी विद्यालय ऐसे साहित्यिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहित करता रहेगा।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें