
बागेश्वर, प्रेस 15 न्यूज। सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक और भ्रामक सामग्री प्रसारित करने का मामला सामने आया है।
कपकोट थाना क्षेत्र की एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने उनके चरित्र को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक बातें प्रसारित करने और सामाजिक छवि धूमिल करने के आरोप में मानीखेत निवासी जगदीश गोस्वामी समेत दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि पिछले दो दिनों से सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित कर उनके चरित्र पर लांछन लगाए जा रहे हैं।
शिकायत में यह भी आरोप है कि उनके नाम को विधायक से जोड़कर कथित रूप से गलत और भ्रामक बातें सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही हैं। महिला का कहना है कि इस तरह की सामग्री से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हुई है और उन्हें मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को यह भी बताया कि कथित तौर पर इससे पहले भी आरोपी अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर उनके संबंध में भ्रामक वीडियो और पोस्ट सोशल मीडिया पर प्रसारित कर चुका है।
शिकायत के आधार पर कपकोट थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 79 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक गोल्डी घुघत्याल को सौंपी गई है।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो, पोस्ट और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल की जाएगी। तथ्यों की पुष्टि के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर ही मामले की आगे की दिशा तय होगी।









