कालाढूंगी: नशे से दूरी, खेलों से दोस्ती: गुंजन तिवारी की पहल ला रही रंग

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी/कालाढूंगी, प्रेस 15 न्यूज। समाजसेवा केवल भाषणों से नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर किए गए कार्यों से पहचान बनाती है।

कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र समेत नैनीताल जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में पिछले तीन वर्षों से अधिक समय से नशा मुक्ति, स्वरोजगार, शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे पुष्पा मेमोरियल फाउंडेशन के संस्थापक एवं समाजसेवी गुंजन तिवारी एक बार फिर बच्चों और युवाओं के बीच सकारात्मक संदेश लेकर पहुंचे।

Ad

बुधवार को गुंजन तिवारी ने भट्ट कॉलोनी, न्यू अशोक टाउनशिप तथा प्रेमपुर लोशज्ञानी (गोविंदपुर गढ़वाल) के बच्चों को वॉलीबॉल और नेट भेंट किए। इस पहल का उद्देश्य युवाओं और बच्चों को खेलों से जोड़कर नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखना तथा उन्हें स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली की ओर प्रेरित करना है।

गुंजन तिवारी का मानना है कि खेल युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देते हैं। यही कारण है कि उनकी प्रेरणा से बड़ी संख्या में युवा नशे जैसी प्रवृत्तियों से दूर होकर क्रिकेट, वॉलीबॉल और अन्य खेलों में भागीदारी कर रहे हैं। खेल गतिविधियों के माध्यम से युवा न केवल शारीरिक रूप से मजबूत बन रहे हैं, बल्कि मानसिक रूप से भी सशक्त हो रहे हैं।

पिछले तीन वर्षों में पुष्पा मेमोरियल फाउंडेशन ने क्षेत्र में अनेक जनहितकारी कार्य किए हैं। विद्यालयों में विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए वाटर प्यूरीफायर लगवाने से लेकर दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य किट वितरण तक, गुंजन तिवारी की पहल लगातार लोगों तक राहत और सुविधाएं पहुंचा रही है। इसके अलावा युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने, शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और नशा मुक्ति अभियान चलाने में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान कमलुवागांजा मनीष भट्ट, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रेमपुर लोशज्ञानी देवेंद्र कुमार, गिरीश पढालनी एवं अभिलाष पसपोला भी मौजूद रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज को ऐसे प्रयासों की आवश्यकता है, जो युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करें।

क्षेत्र में लगातार सक्रिय समाजसेवा और जनसरोकारों से जुड़े कार्यों के कारण गुंजन तिवारी को लेकर लोगों की अपेक्षाएं भी बढ़ने लगी हैं। कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में अब उनके नाम को लेकर राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो रही हैं। क्षेत्र के कई लोग खुलकर यह कहने लगे हैं कि उन्हें ऐसा जनप्रतिनिधि चाहिए, जो केवल चुनाव के समय नहीं बल्कि हर परिस्थिति में जनता के सुख-दुख का साथी बने और जिसके पास क्षेत्र के विकास का स्पष्ट विजन हो।

स्थानीय लोगों का मानना है कि नशा मुक्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के लिए जिस तरह से गुंजन तिवारी लगातार काम कर रहे हैं, वह उन्हें क्षेत्र में एक अलग पहचान दिला रहा है। यही वजह है कि सामाजिक कार्यों के साथ-साथ अब उन्हें भविष्य के नेतृत्व के रूप में भी देखा जाने लगा है।

खेलोगे तो खिलोगे, नशे से दूर रहोगे तो आगे बढ़ोगे के संदेश के साथ पुष्पा मेमोरियल फाउंडेशन का यह अभियान लगातार समाज में सकारात्मक बदलाव की नई उम्मीद जगा रहा है।

What’s your Reaction?
+1
1
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें