
चंपावत, प्रेस 15 न्यूज। जिले के युवाओं के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर सामने आया है। बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में बेहतर नौकरी उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ी पहल करते हुए एक दिवसीय विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशन में आयोजित होने वाले इस रोजगार मेले में देश की प्रतिष्ठित कंपनी टाटा मोटर्स से जुड़ी क्वैस कॉर्प लिमिटेड द्वारा 900 पदों पर भर्ती की जाएगी। इससे जिले के सैकड़ों युवाओं को रोजगार के साथ आत्मनिर्भर बनने का मौका मिलेगा।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशन में जिला सेवायोजन कार्यालय, चम्पावत द्वारा आगामी 16 मई 2026 को एक दिवसीय विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। रोजगार मेला जिला सेवायोजन कार्यालय परिसर में आयोजित होगा।
इस रोजगार मेले में क्वैस कॉर्प लिमिटेड (टाटा मोटर्स) के एचआर प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे, जो लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के माध्यम से अभ्यर्थियों का चयन करेंगे। भर्ती अभियान के तहत कुल 900 रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। चयनित अभ्यर्थियों को टाटा मोटर्स के पंतनगर (रुद्रपुर) प्लांट में तैनाती दी जाएगी।
भर्ती प्रक्रिया में इंटरमीडिएट, आईटीआई, स्नातक एवं समकक्ष योग्यता रखने वाले युवा प्रतिभाग कर सकेंगे। अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 25 वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित युवाओं को ₹16,250 प्रतिमाह वेतनमान दिया जाएगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपने सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की छायाप्रतियां, बायोडाटा और दो पासपोर्ट साइज फोटो के साथ 16 मई को सुबह 9:30 बजे तक रोजगार मेले में अनिवार्य रूप से उपस्थित हों। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रतिभागियों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता या मार्ग व्यय देय नहीं होगा।
रोजगार मेले में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों का नेशनल करियर सर्विस (NCS) पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य रखा गया है। अभ्यर्थी एनसीएस पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। रोजगार मेले से संबंधित अधिक जानकारी और सहायता के लिए अभ्यर्थी जिला सेवायोजन कार्यालय चम्पावत के दूरभाष नंबर 05965-297303 अथवा मोबाइल नंबर 7830860575 और 9411132677 पर संपर्क कर सकते हैं।









