
देहरादून, प्रेस 15 न्यूज। नववर्ष की शुरुआत उत्तराखंड पुलिस के जवानों के लिए उत्साह और खुशखबरी लेकर आई है। पुलिस मुख्यालय ने नागरिक पुलिस के 229 मुख्य आरक्षियों को अपर उपनिरीक्षक (एएसआई) पद पर पदोन्नति प्रदान की है। इनमें 25 महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं, जिन्हें नए साल पर यह अहम जिम्मेदारी और सम्मान मिला है।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार वर्ष 2025 पदोन्नतियों के लिहाज से उत्तराखंड पुलिस के इतिहास में एक महत्वपूर्ण वर्ष के रूप में दर्ज हुआ है। इस दौरान मुख्य आरक्षी से लेकर निरीक्षक एवं वरिष्ठ अधिकारियों तक कुल 1060 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी पदोन्नत किए गए, जिससे विभागीय संरचना को नई मजबूती मिली है।
इतना ही नहीं, वर्ष 2025 में डिप्टी एसपी और अपर पुलिस अधीक्षक स्तर पर भी कुल 102 पदोन्नतियां की गईं। इससे न केवल नेतृत्व क्षमता को बल मिला, बल्कि प्रशासनिक और फील्ड स्तर पर कार्यकुशलता में भी इजाफा हुआ है।
वर्ष 2025 में विभिन्न संवर्गों में हुई प्रमुख पदोन्नतियां:
निरीक्षक – 150
उपनिरीक्षक – 92
अपर/सहायक उपनिरीक्षक – 385
मुख्य आरक्षी – 331
अपर पुलिस अधीक्षक (विशेष श्रेणी) – 05
अपर पुलिस अधीक्षक श्रेणी-01 – 10
अपर पुलिस अधीक्षक श्रेणी-02 – 28
पुलिस उपाधीक्षक (ज्येष्ठ वेतनमान) – 18
पुलिस उपाधीक्षक (कनिष्ठ वेतनमान) – 33
अपर पुलिस अधीक्षक दूरसंचार श्रेणी-02 – 02
पुलिस उपाधीक्षक (दूरसंचार) – 03
मुख्य अग्निशमन अधिकारी – 03
उत्तराखंड पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने पदोन्नत अधिकारियों और कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समयबद्ध और पारदर्शी पदोन्नति प्रक्रिया से पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ता है। उन्होंने कहा कि इससे जवान और अधिकारी अधिक ऊर्जा, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं।









