
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। जनपद नैनीताल के मैदानी क्षेत्रों में लगातार पड़ रही कड़ाके की ठंड, शीतलहर और पाले को देखते हुए प्रशासन ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के मद्देनज़र 31 दिसंबर 2025 (बुधवार) को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, नैनीताल द्वारा जारी आदेश के अनुसार तहसील हल्द्वानी, लालकुआँ, कालाढूंगी और रामनगर क्षेत्र में संचालित समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों तथा कक्षा 1 से 12 तक के सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों में अवकाश रहेगा।
यह आदेश विद्यार्थियों/पंजीकृत बच्चों के साथ-साथ विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों एवं शिक्षणेतर कर्मचारियों पर भी लागू होगा। संबंधित विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया है कि वे अवकाश संबंधी सूचना समय रहते विद्यार्थियों एवं अभिभावकों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जारी आदेश का कड़ाई से अनुपालन कराया जाएगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।









