
हल्द्वानी (गौलापार), प्रेस 15 न्यूज। खेड़ा, गौलापार निवासी दो महीने से लापता चल रही बुजुर्ग महिला जीवंती सुयाल का शव मंगलवार को क्षेत्र के एक स्टोन क्रेशर के पीछे पड़ा मिला। शव मिलने की खबर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
84 वर्षीय जीवंती सुयाल 26 नवंबर 2025 की दोपहर से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता थीं। परिजन लगातार उनकी तलाश में भटकते रहे।
बीते दिन ही प्रेस 15 न्यूज पर बुजुर्ग महिला की गुमशुदगी की खबर प्रसारित हुई थी, जिसमें उनकी रामनगर निवासी बेटी चंपा जोशी और दामाद चंदशेखर जोशी ने पुलिस-प्रशासन से खोजबीन की गुहार लगाई थी। लेकिन आज शव मिलने से उनकी सारी उम्मीदें चकनाचूर हो गईं।
परिजनों का कहना है कि वे पहले ही इस गुमशुदगी के पीछे साजिश की आशंका जता चुके थे। अब शव मिलने के बाद उन्होंने इसे हत्या का मामला बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
परिजनों के अनुसार, जीवंती सुयाल बेहद सरल, शांत और किसी से बैर न रखने वाली महिला थीं। उन्होंने गुमशुदगी से कुछ दिन पहले ही करीब एक करोड़ 80 लाख रुपये की जमीन बिक्री की थी। ऐसे में परिजन आशंका जता रहे हैं कि उनकी गुमशुदगी और अब शव मिलने के तार जमीन सौदे से जुड़े हो सकते हैं।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी है। यह मामला अब केवल एक गुमशुदगी नहीं, बल्कि कई अनसुलझे सवालों और संभावित साजिशों की ओर इशारा कर रहा है।









