
भवाली, प्रेस 15 न्यूज। भवाली के चर्चित व्यापारी नेता नरेश पाण्डे के महिला यौन शोषण मामले में आज नैनीताल पुलिस नरेश की गिरफ्तारी के लिए उसके भवाली स्थित घर पहुंची। वहीं, नरेश पांडे ने पूरी घटना का फेसबुक लाइव कर लोगों से मदद मांगी है।
मामले के अनुसार, भवाली के उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे के खिलाफ एक युवती ने कोतवाली मल्लीताल में मुकदमा दर्ज कराया। उसमें कहा गया कि उसके साथ व्यापार मंडल अध्यक्ष ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामले में एफ.आई.आर.दर्ज की।
बाद में युवती ने मुकदमा वापस लेने के साथ तल्लीताल थाने में 3 अन्य के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया। उसमें कहा गया कि 3 यवको ने उसके वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए व्यापारी नेता के खिलाफ कोतवाली में झूठा मुकदमा दर्ज करने का दबाब बनाया। नरेश को उच्च न्यायालय से राहत नहीं मिली।
घर की बालकनी से बनाए गए अपने फेसबुक लाइव में नरेश पाण्डे ने आरोप लगाया कि पुलिस बिना वॉरेंट के उसे पकड़ने पहुंची है। पुलिस ने उसकी नाबालिग बेटी के साथ अभद्रता कर उसके कपड़े फाड़ दिए। पुलिस ने उसके पिता, भाई और बेटे से भी बदसलूकी की है। नरेश के अनुसार युवती ने अपने 164 के बयान उनके पक्ष में दिए हैं। कहा कि पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने पहुंच चुकी है। वीडियो का अंत रैंडम तरीके से हुआ, जिससे प्रतीत हुआ कि नरेश को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
नोट :- सक्षम पुलिस अधिकारी को दो बार फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन काट दिया। घटना का लाइव वीडियो उपलब्ध है।
(वरिष्ठ पत्रकार कमल जगाती की रिपोर्ट)








