
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। आगामी मानसून के दौरान संभावित जलभराव और बाढ़ के खतरे को देखते हुए हल्द्वानी प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क करना शुरू कर दिया है।
गुरुवार को उपजिलाधिकारी मोनिका, तहसीलदार हल्द्वानी और राजस्व उप निरीक्षक काठगोदाम ने रक्सिया नाला, कलसिया नाला, देवखड़ी नाला तथा गोला नदी के आसपास स्थित संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान बाढ़ और जलभराव की आशंका वाले 150 भवनों एवं अन्य स्ट्रक्चर को चिन्हित कर संबंधित परिवारों को नोटिस जारी किए गए।
नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि मानसून के दौरान नदी और नालों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, जिससे जन-धन की हानि की आशंका बनी रहती है। ऐसे में आवश्यकता पड़ने पर प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे बारिश के दौरान नदी-नालों के किनारे जाने से बचें, बच्चों पर विशेष निगरानी रखें और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल प्रशासन या आपदा नियंत्रण कक्ष को दें।
उपजिलाधिकारी मोनिका ने बताया कि प्रशासन संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी कर रहा है। सभी संबंधित विभागों को मानसून के दौरान किसी भी आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क रहने और आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।








