
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। पनचक्की चौराहे के पास रविवार को हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने पूरे सिस्टम को कटघरे में खड़ा कर दिया है। हादसे के बाद सवाल निर्माणदायी संस्था यूएसएसडीए के जिम्मेदारों पर भी उठे, लेकिन पहली और त्वरित कार्रवाई सिर्फ ट्रैफिक इंस्पेक्टर महेश चंद्रा पर ही हुई, जिन्हें लाइन हाजिर कर दिया गया।
जैसे ही ट्रैफिक व्यवस्था पर उंगलियां उठीं, वैसे ही किरकिरी से बचने के लिए एसएसपी नैनीताल ने बिना देरी किए ट्रैफिक इंस्पेक्टर को लाइन हाजिर कर दिया। इससे यह सवाल और गहरा हो गया कि क्या सिस्टम की नाकामी का ठीकरा एक व्यक्ति के सिर फोड़कर असली जिम्मेदारों को बचाया जा रहा है?
गौरतलब है कि रविवार को पनचक्की रोड स्थित अंबिका विहार के पास हुए इस हादसे में बुजुर्ग रिटायर्ड वैज्ञानिक सुरेश चंद्र पांडे की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों ने अव्यवस्थित निर्माण, बदहाल सड़क, खुले गड्ढों और लचर ट्रैफिक प्रबंधन को हादसे की असली वजह बताया।
हादसे के बाद लोगों ने इसे महज दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए “हादसा नहीं, सिस्टम द्वारा की गई हत्या” करार दिया और सभी जिम्मेदार अधिकारियों व एजेंसियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग उठाई। हालांकि, हकीकत यह है कि कार्रवाई अक्सर छोटे पदों तक सिमट कर रह जाती है।
वहीं, इस मामले में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने दुर्घटना को अत्यंत गंभीर मानते हुए निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं विधिसम्मत मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने रविवार शाम मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। इस दौरान भी ट्रैफिक इंस्पेक्टर महेश चंद्रा मौके पर रहे।
निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट ने यूएसएसडीए के परियोजना प्रबंधक कुलदीप कुमार को स्पष्ट शब्दों में सुरक्षा से जुड़े सुझावों पर गंभीरता से अमल करने और निर्माण कार्यों में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। साथ ही आम जनता से भी 15 दिनों के भीतर हादसे से जुड़े तथ्य और जानकारियां प्रशासन के साथ साझा करने की अपील की गई।
इन सबके बीच सोमवार शाम एसएसपी नैनीताल की ओर से ट्रैफिक इंस्पेक्टर को लाइन हाजिर कर पुलिसिंग पर उठ रहे सवालों को थामने का प्रयास तो किया गया, लेकिन सबसे बड़ा सवाल अब भी कायम है। क्या जिम्मेदारी सिर्फ एक ट्रैफिक इंस्पेक्टर की थी, या निर्माण और निगरानी से जुड़े बड़े अधिकारी भी जवाबदेह हैं?









