हल्द्वानी: रानीबाग कलसिया नाले पर अधिक भार क्षमता वाले वैली ब्रिज के निर्माण की तैयारी शुरू

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। हल्द्वानी–नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग के अंतर्गत रानीबाग स्थित कलसिया नाले पर बने वर्तमान वैली ब्रिज के स्थान पर अधिक भार क्षमता वाला नया वैली मोटर ब्रिज शीघ्र निर्मित किया जाएगा। इसके लिए प्रशासन और संबंधित विभागों ने तैयारियाँ शुरू कर दी हैं।

नए पुल के निर्माण के दौरान वैकल्पिक मार्ग और यातायात व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में हल्द्वानी कैम्प कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि यह मार्ग कुमाऊँ के पर्वतीय जिलों को जोड़ने वाला अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग है, जिस पर लगातार वाहनों का दबाव बढ़ रहा है।

Ad

जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में कलसिया नाले पर बना वैली ब्रिज 32 टन भार क्षमता का है, जबकि इसके स्थान पर अधिक भार क्षमता वाला नया वैली ब्रिज बनाया जाना प्रस्तावित है। उन्होंने निर्देश दिए कि पुल निर्माण के दौरान यातायात को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाए रखना प्राथमिकता होगी। इसके लिए निर्माण से पूर्व वैकल्पिक मार्ग तैयार किया जाना आवश्यक है।

उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग, राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शुक्रवार को संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण कर वैकल्पिक मार्ग की संभावनाओं का परीक्षण किया जाए।

बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग के अधीक्षण अभियंता ने अवगत कराया कि नए वैली ब्रिज के निर्माण को लेकर तीन माह की कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। वैकल्पिक मार्ग तैयार होते ही निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कर दिया जाएगा।

बैठक के दौरान पुल निर्माण अवधि में यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और आमजन को होने वाली असुविधा को न्यूनतम रखने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र, राष्ट्रीय राजमार्ग के अधीक्षण अभियंता हरीश पांगती, उपजिलाधिकारी हल्द्वानी राहुल शाह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

What’s your Reaction?
+1
1
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें