
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। अधिक ब्याज और गारंटी का लालच देकर हजारों लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का मामला सामने आया है। मुखानी कपिल कॉम्प्लेक्स में “देवभूमि बहुदेशीय स्वायत्त सहकारिता” नामक संस्था के नाम पर निवेश योजनाएं चलाकर आम नागरिकों से भारी धनराशि जमा कराई गई और बाद में राशि गबन कर आरोपी फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2017 में हल्द्वानी (मुखानी स्थित कपिल कॉम्प्लेक्स) और रामनगर में संस्था की शाखाएं खोली गई थीं। उत्तराखंड सरकार से पंजीकरण का हवाला देकर लोगों को अधिक ब्याज, सुरक्षा और गारंटी का भरोसा दिलाया गया। इसके जरिए अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और नैनीताल सहित कई जिलों के नागरिकों से निवेश कराया गया।
जांच में सामने आया कि हजारों निवेशकों से लगभग 6 करोड़ 80 लाख रुपये एकत्र किए गए। इस धनराशि को संस्था के संचालक हेम चंद्र पंत (अध्यक्ष) और विकास दुर्गापाल (सचिव) ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर गबन कर लिया। बाद में दोनों शाखाएं बंद कर आरोपी फरार हो गए।
बैंक खातों की जांच में करोड़ों रुपये के लेन-देन का खुलासा हुआ। 04 फरवरी को दोनों मुख्य आरोपियों को लालकुआं क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
1. हेम चंद्र पंत, पुत्र गोविंद बल्लभ पंत, निवासी हरिपुर नायक, कुसुमखेड़ा, थाना मुखानी, जनपद नैनीताल (उम्र 45 वर्ष)
2. विकास दुर्गापाल, पुत्र खिमानंद दुर्गापाल, निवासी देहरिया, हल्द्वानी, जनपद नैनीताल (उम्र 41 वर्ष)
खातों में संदिग्ध लेनदेन: ₹2.26 करोड़ एवं ₹4.58 करोड़
अन्य मुकदमे भी दर्ज
आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से भी धोखाधड़ी और ठगी से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं। जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोग भी सक्रिय रहे हैं, जिनकी भूमिका की जांच जारी है।
जनहित संदेश
यह मामला आमजन के लिए एक गंभीर चेतावनी है कि अधिक ब्याज और गारंटी का दावा करने वाली योजनाओं से सावधान रहें। बिना पुख्ता जांच के किसी भी संस्था या स्कीम में निवेश न करें। सिर्फ “पंजीकरण का दावा” भरोसे का आधार नहीं होता। लालच में आकर अपनी जीवनभर की कमाई जोखिम में न डालें।
किसी भी संदिग्ध निवेश योजना या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या संबंधित विभाग को दें। सावधानी ही सुरक्षा है लालच नहीं, समझदारी से निवेश करें।









