
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं होती, बल्कि वह बच्चों को जिम्मेदार नागरिक और भविष्य का सक्षम नेतृत्वकर्ता बनाना भी सिखाती है। इसी उद्देश्य के साथ आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल, लामाचौड़ में आयोजित इन्वेस्टिचर सेरेमनी प्रेरणा, अनुशासन और नेतृत्व का सुंदर संगम बन गई। समारोह में विद्यार्थियों को जिम्मेदारियों का महत्व समझाते हुए उन्हें विभिन्न पदों की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक भुवन चंद्र उपाध्याय, प्रधानाचार्य एवं शैक्षणिक सलाहकार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत कर झंडे को सलामी दी। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह और ऊर्जा का संचार किया।
विद्यालय की विद्यार्थी परिषद के लिए क्षितिज पांडे को हेड बॉय, लक्षिता गोस्वामी को हेड गर्ल, वैभव शर्मा को डिप्टी हेड बॉय तथा सिमरन धामी को डिप्टी हेड गर्ल चुना गया। सभी छात्र पदाधिकारियों को बैज और सैश पहनाकर सम्मानित किया गया तथा उन्हें अपने कर्तव्यों का निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ पालन करने की शपथ दिलाई गई।
विद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों को नेतृत्व क्षमता विकसित करने, टीम भावना के साथ कार्य करने और विद्यालय की गरिमा बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। पूरे समारोह का वातावरण प्रेरणादायक और गौरवपूर्ण बना रहा।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक भुवन चंद्र उपाध्याय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करने का नाम नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों को ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ निभाने की कला है।
उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के समाज और देश का भविष्य हैं। यदि बच्चे अनुशासन, सेवा और सकारात्मक सोच को अपने जीवन में अपनाते हैं तो वे हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकते हैं।
उन्होंने चयनित छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें अपने आचरण और कार्यों से अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनना चाहिए।
विद्यालय परिवार ने सभी चयनित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।









