हल्द्वानी: APS के होनहार ओम ने तैराकी में गाड़े झंडे, गोल्ड समेत 4 पदक जीते

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल के होनहार छात्र ओम टनवाल ने अपनी मेहनत, अनुशासन और शानदार खेल प्रतिभा के दम पर सीबीएसई क्लस्टर नॉर्थ जोन स्विमिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण सहित कुल चार पदक जीतकर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया।

मेरठ में आयोजित प्रतियोगिता में ओम ने 50 मीटर फ्री स्टाइल में स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके अलावा उन्होंने 50 मीटर बटरफ्लाई और 100 मीटर फ्री स्टाइल में दो रजत पदक तथा 50 मीटर बैक स्ट्रोक में कांस्य पदक अपने नाम किया। ओम की इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों में खुशी की लहर है।

Ad

प्रतियोगिता में विद्यालय के एक अन्य प्रतिभावान छात्र गौरांश कांडपाल ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष छह में स्थान बनाया।

विद्यालय के प्रबंधक भुवन चंद्र उपाध्याय ने ओम को बधाई देते हुए कहा कि खेलों में सफलता केवल प्रतिभा से नहीं, बल्कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण से मिलती है।

उन्होंने कहा कि ओम की सफलता हमारे सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है। यह उपलब्धि बताती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और उसे पाने के लिए ईमानदारी से मेहनत की जाए तो कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती।

हम चाहते हैं कि हमारे विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ खेल और अन्य क्षेत्रों में भी अपनी प्रतिभा को पहचानें और उसे निखारें। हार से घबराने के बजाय उससे सीखना और हर दिन खुद को बेहतर बनाना ही असली सफलता है।

उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को उनकी रुचि और प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रोत्साहित करता रहेगा। उन्होंने ओम के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वह आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करेगा।

ओम की उपलब्धि ने यह संदेश भी दिया है कि सफलता किसी एक दिन की मेहनत का परिणाम नहीं होती, बल्कि रोज किए गए छोटे-छोटे प्रयासों और निरंतर अभ्यास से बनती है। उसकी यह उपलब्धि निश्चित रूप से विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को अपने सपनों के लिए मेहनत करने और बड़े लक्ष्य तय करने के लिए प्रेरित करेगी।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें