
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। सपनों को हकीकत में बदलने का हौसला और उन्हें हासिल करने का जज़्बा अगर सही मार्गदर्शन के साथ मिल जाए, तो सफलता तय हो जाती है।
आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल (APS) के कक्षा 12 के छात्र राज सूर्यवंशी ने इसी का जीवंत उदाहरण पेश करते हुए यूरोप के चेक गणराज्य में आयोजित अंतरराष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर शानदार प्रदर्शन किया और 7वां स्थान हासिल कर देश व शहर का नाम रोशन किया।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में दुनिया भर के उत्कृष्ट निशानेबाजों ने भाग लिया, जहां 10 मीटर, 25 मीटर और 50 मीटर स्पर्धाओं में राज ने अपनी एकाग्रता, संतुलन और तकनीकी दक्षता का शानदार परिचय दिया। उनकी यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि APS परिवार के समर्पित प्रयासों का भी प्रमाण है।
विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने राज की इस सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए इसे संस्थान की गुणवत्ता शिक्षा और मार्गदर्शन का परिणाम बताया। APS में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है चाहे वह खेल हो, शिक्षा हो या व्यक्तित्व विकास। प्रतियोगी दौर में सफल होने के लिए यहां आधुनिक संसाधन, अनुभवी शिक्षक और प्रेरक वातावरण उपलब्ध कराया जाता है, जिससे छात्र अपने लक्ष्य को पहचानकर उसे हासिल कर सकें।
विद्यालय के प्रबंधक भुवन चंद्र उपाध्याय ने कहा कि राज सूर्यवंशी की यह उपलब्धि हमारे लिए अत्यंत गर्व का विषय है। यह दिखाता है कि सही दिशा, कड़ी मेहनत और सकारात्मक सोच से छात्र अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं। APS में हम हर छात्र के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रतिबद्ध हैं और उन्हें जीवन के हर क्षेत्र में सफल बनाने का प्रयास करते हैं।
राज सूर्यवंशी की यह सफलता आज के युवाओं के लिए एक प्रेरणा है, जो यह संदेश देती है कि यदि संकल्प मजबूत हो और मार्गदर्शन सही मिले, तो कोई भी लक्ष्य दूर नहीं।









