
देहरादून, प्रेस 15 न्यूज। उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश के बुजुर्ग एवं निराश्रित कलाकारों और लेखकों को बड़ी राहत देते हुए उनकी मासिक पेंशन दोगुनी कर दी है। साथ ही योजना का लाभ अधिक जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के लिए आय सीमा में भी संशोधन किया गया है। नई व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
संस्कृति विभाग द्वारा जारी ‘उत्तराखंड वृद्ध एवं निराश्रित कलाकार तथा लेखक मासिक पेंशन (संशोधन) नियमावली-2026’ के अनुसार, पात्र लाभार्थियों को अब ₹3,000 प्रतिमाह के बजाय ₹6,000 प्रतिमाह पेंशन मिलेगी।
सरकार ने योजना के लिए निर्धारित मासिक आय सीमा भी बढ़ा दी है। पहले सभी स्रोतों से ₹3,000 प्रतिमाह तक आय वाले कलाकार और लेखक ही योजना के पात्र थे, लेकिन अब यह सीमा बढ़ाकर ₹6,000 प्रतिमाह कर दी गई है। इससे अधिक आय वाले व्यक्ति इस योजना का लाभ नहीं ले सकेंगे।
सरकार का मानना है कि इस फैसले से आर्थिक रूप से कमजोर और निराश्रित कलाकारों एवं लेखकों को सम्मानजनक जीवन जीने में मदद मिलेगी तथा प्रदेश की कला और साहित्य से जुड़े वरिष्ठ रचनाकारों को सामाजिक सुरक्षा का मजबूत सहारा मिलेगा।









