लोहाघाट में भाजपाइयों ने खोला मन, बोले- अपना विधायक होता तो अफसर भी सुनते!

खबर शेयर करें -

लोहाघाट, प्रेस 15 न्यूज। लंबे समय बाद केंद्रीय राज्यमंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद अजय टम्टा के सामने लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं ने खुलकर अपने मन की बात रखी।

संवाद कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं के बीच जहां संगठन को मजबूत करने का जोश नजर आया, वहीं विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार का दर्द भी खुलकर सामने आया। कई कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में भाजपा का विधायक होता तो कार्यकर्ताओं का मान-सम्मान और स्वाभिमान अलग होता।

Ad

कार्यकर्ताओं ने पिछली हार से सबक लेते हुए आगामी चुनाव में एकजुट होकर भाजपा को विधानसभा क्षेत्र में फिर से मजबूत करने का संकल्प जताया।

भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत की अध्यक्षता में आयोजित संवाद कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया एवं पूरन माहरा ने किया।

विधानसभा क्षेत्र प्रभारी एवं दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय की मौजूदगी में हुए कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, महामंत्री, पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय राज्यमंत्री के सामने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं, लेकिन अपना विधायक नहीं होने के कारण कई बार उनकी समस्याएं और बातें शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से नहीं पहुंच पातीं।

कुछ कार्यकर्ताओं ने अधिकारियों की ओर से अपेक्षित तवज्जो नहीं मिलने की शिकायत भी रखी। हालांकि संवाद में कार्यकर्ताओं का रुख साफ था कि अतीत की कमियों से सबक लेते हुए अब संगठन को मजबूत कर भविष्य की राजनीतिक रणनीति तैयार की जाएगी।
केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने कार्यकर्ताओं की बात सुनते हुए कहा कि भाजपा ऐसा राष्ट्रीय राजनीतिक दल है जिसकी सफलता का सबसे बड़ा आधार उसका कार्यकर्ता है। कार्यकर्ता की समस्या संगठन की समस्या और उसका दर्द सभी का दर्द है।

उन्होंने कहा कि यह सही है कि लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को चुनावी हार का सामना करना पड़ा है और इसकी कमी सभी महसूस कर रहे हैं, लेकिन वह दिन दूर नहीं जब क्षेत्र में भाजपा का नया सवेरा आएगा।

टम्टा ने कहा कि पार्टी की सफलता से ही कार्यकर्ताओं का गौरव और सम्मान बढ़ता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड को देश के श्रेष्ठ राज्यों में शामिल करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। प्रदेश में दिखाई दे रहे विकास कार्यों को उन्होंने डबल इंजन सरकार की उपलब्धि बताते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिए पूरी एकजुटता के साथ जुटने का आह्वान किया।

विधानसभा क्षेत्र प्रभारी एवं दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा बनाए गए दर्जा राज्य मंत्री कार्यकर्ताओं और सरकार के बीच पुल का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्यकर्ता को निराश होने की जरूरत नहीं है। सभी मंडलों की जिम्मेदारी दर्जा राज्य मंत्रियों को दी गई है और कार्यकर्ताओं की समस्याओं को उचित स्तर तक पहुंचाने का काम किया जाएगा।

संवाद कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी, किरण देवी, सुभाष बगोली, प्रदेश मंत्री निर्मल मेहरा, नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतीश चंद्र पांडे, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, राजू गड़कोटी, महिला मोर्चा की चंद्रकला मेहरा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

संवाद के बाद केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने खेतीखान पहुंचकर पार्टी कार्यकर्ताओं से भी संवाद किया। मंडल अध्यक्ष जगदीश जोशी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया और क्षेत्र के ताजा राजनीतिक हालात की जानकारी दी।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि पार्टी के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकजुट होकर लक्ष्य के साथ काम करें तो वह दिन दूर नहीं जब भाजपा लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में फिर अपना परचम लहराएगी।

(लोहाघाट से वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडेय की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)

What’s your Reaction?
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें