
भीमताल, प्रेस 15 न्यूज। सरकारी दफ्तरों में कामकाज कैसा चल रहा है, इसकी हकीकत बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी के औचक निरीक्षण में सामने आ गई।
कहीं शिक्षा व्यवस्था की निगरानी में लापरवाही मिली, कहीं कर्मचारी ड्यूटी से गायब मिले तो कहीं दफ्तर के बाहर गंदगी का अंबार। हालात देखकर सीडीओ ने सख्त नाराजगी जताई, जवाब तलब किया और स्पष्ट कर दिया कि अब काम में ढिलाई पर कार्रवाई तय है।
मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे ने बुधवार को भीमताल स्थित शिक्षा विभाग, होम्योपैथी कार्यालय एवं स्वजल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान शिक्षा विभाग में कई अनियमितताएं पाई गईं जिसमें, मुख्य शिक्षा अधिकारी द्वारा केंद्र एवं राज्य के पोर्टलों पर अतिथि शिक्षकों के संबंध में कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है इसके अलावा खंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा विद्यालयों का नियमित निरीक्षण भी नहीं किया जा रहा है, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई।
मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा कार्यों का अनुश्रवण भी पोर्टल के माध्यम से नहीं किया जा रहा है। इसके साथ ही जिला योजना से संबंधित कार्यों में भी अभी तक कोई प्रक्रिया प्रारंभ नहीं की गई है।
उक्त अनियमितताओं के संबंध में संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। मुख्य विकास अधिकारी ने अवगत कराया कि इस संबंध में जिलाधिकारी महोदय को भी विस्तृत आख्या प्रस्तुत की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा स्वजन स्वजल कार्यालय का भी निरीक्षण किया निरीक्षण के दौरान कार्यालय एवं परिसर में साफ-सफाई की स्थिति खराब पाई गई। मुख्य विकास अधिकारी ने कार्यालय के आस-पास साफ-सफाई बनाए रखने तथा नगरपालिका द्वारा लगाए गए कूड़ेदान को हटवाने के निर्देश दिए।
होम्योपैथी कार्यालय के निरीक्षण के दौरान 04 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। अनुपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश मुख्य विकास अधिकारी द्वारा दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी।









