
भीमताल, प्रेस 15 न्यूज। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अरविंद कुमार पाण्डेय ने पंचायती राज विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि विभागीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अपारदर्शिता और वित्तीय अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी व्यवस्था, जवाबदेही और समयबद्ध कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
सोमवार को विकास भवन, भीमताल के सभागार में आयोजित पंचायती राज विभाग की समीक्षा बैठक में सीडीओ अरविंद कुमार पांडेय ने विभागीय योजनाओं एवं कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।
उन्होंने ट्रांसफर नीति का पालन न करने तथा ग्राम पंचायतों के आवंटन में पारदर्शिता नहीं बरतने पर जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों द्वारा ठेकेदारी किए जाने की शिकायतों की जानकारी उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
सीडीओ ने राज्य वित्त से खरीदी गई सभी सोलर लाइटों की जांच कराने, विभाग में लंबित जांचों एवं वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामलों की सूची 30 जून तक उपलब्ध कराने तथा पंचायत भवनों की अद्यतन स्थिति की रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रत्येक न्याय पंचायत स्तर पर बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित करने, विकासखंड स्तर पर भ्रमण पंजिका में ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों के भ्रमण का विवरण दर्ज करने तथा ग्राम पंचायतों में आयोजित खुली बैठकों के प्रस्तावों की प्रतियां जनपद स्तर पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए सीडीओ ने कहा कि दो लाख रुपये से अधिक लागत वाली सभी योजनाओं का सत्यापन संबंधित खंड विकास अधिकारी द्वारा अनिवार्य रूप से किया जाए।
इसके अलावा ई-ऑफिस प्रणाली का नियमित संचालन, पत्राचार का समयबद्ध निस्तारण, फील्ड विजिट की प्रभावी मॉनिटरिंग तथा जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्रों से संबंधित सूचनाएं समय पर उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी सुरेश प्रकाश वैनी, परियोजना निदेशक, ग्राम्य विकास अभिकरण चंदा फर्त्याल, कोटाबाग, रामनगर, हल्द्वानी एवं भीमताल के सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) सहित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में अनुपस्थित कार्मिकों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश भी सीडीओ ने दिए।









