Bhimtal: जिसने जीवन दिया, उसके नाम एक पेड़; सीएम धामी समेत अधिकारियों ने मां को यूं किया नमन

खबर शेयर करें -

भीमताल, प्रेस 15 न्यूज। कहते हैं, मां जीवन देती है और प्रकृति जीवन को संवारती है। एक की ममता इंसान को पालती है तो दूसरी की हरियाली पूरी सृष्टि को।

विश्व पर्यावरण दिवस पर भीमताल झील किनारे शुक्रवार को यही अद्भुत संगम देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने अपनी-अपनी माताओं के नाम पौधे रोपकर उन्हें श्रद्धा, सम्मान और प्रेम का अनूठा उपहार दिया।

Ad

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत हुई इस पहल ने पर्यावरण संरक्षण को मातृ वंदना के भाव से जोड़ते हुए हर किसी के दिल को छू लिया।

विश्व पर्यावरण दिवस पर भीमताल झील किनारे शुक्रवार को एक ऐसा भावुक और प्रेरणादायी दृश्य देखने को मिला, जहां पर्यावरण संरक्षण का संकल्प मातृ वंदना के साथ जुड़ गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी पूज्य माता श्रीमती बिसना देवी के नाम पर बोगनबेलिया का पौधा रोपित किया और समाज को प्रकृति व मातृत्व के प्रति सम्मान का संदेश दिया।

कार्यक्रम का सबसे विशेष पहलू यह रहा कि केवल मुख्यमंत्री ही नहीं, बल्कि सरकार और प्रशासन से जुड़े कई वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी माताओं के नाम पौधे लगाकर उनके प्रति श्रद्धा और प्रेम व्यक्त किया। भीमताल झील के तट पर यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ भारतीय संस्कृति में मां के सर्वोच्च स्थान को भी सजीव करती नजर आई।

उत्तराखंड सरकार में शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन तथा जलागम प्रबंधन मंत्री रामसिंह कैड़ा ने अपनी स्वर्गीय माता श्रीमती रेवती देवी की स्मृति में पौधा रोपित किया।

कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने अपनी माता श्रीमती सावित्री रावत, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने अपनी माता श्रीमती उमा देवी रयाल, मुख्य वन संरक्षक कुमाऊं तेजस्विनी अरविंद पाटील ने अपनी स्वर्गीय माता श्रीमती मीना अरविंद पाटील की स्मृति में पौधा लगाया।

इसी क्रम में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे ने अपनी माता श्रीमती नागिन्दी पाण्डे तथा वन संरक्षक नितीश मणि त्रिपाठी ने अपनी माता श्रीमती नीलम मणि त्रिपाठी के नाम पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराया। सहायक परियोजना निदेशक (एपीडी) चंदा फर्त्याल ने भी विश्व पर्यावरण दिवस पर अपनी पूज्य माता श्रीमती लीलावती देवी के नाम एक पौधा रोपित कर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान में सहभागिता निभाई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड की संस्कृति और जीवनशैली का प्रकृति से सदियों पुराना रिश्ता रहा है। हमारे पर्व, परम्पराएं और लोकजीवन हमेशा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते आए हैं। उन्होंने कहा कि नैनीताल जनपद अपनी झीलों के कारण विश्वभर में प्रसिद्ध है और इन प्राकृतिक धरोहरों का संरक्षण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि भीमताल झील के सौंदर्यीकरण के लिए झील परिक्षेत्र में बोगनबेलिया के पौधे लगाए जा रहे हैं, जो आने वाले समय में इस क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता को और अधिक आकर्षक बनाएंगे। मुख्यमंत्री ने इसे एक अभिनव पहल बताते हुए सभी लोगों से इस मानसून में अधिक से अधिक पौधे लगाने, जल स्रोतों की रक्षा करने, सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, प्रभागीय वनाधिकारी आकाश गंगवार, आईटीबीपी 34वीं बटालियन के कमांडेंट हेमंत कुमार, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, मुख्य उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, प्रकृति प्रेमी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें