आज और कल हल्द्वानी से अल्मोड़ा या रानीखेत जा रहे हैं? परेशानी से बचने को जरूर पढ़ लें खबर

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। पहाड़ों में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग के भारी वर्षा अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनज़र बड़ा फैसला लिया है।

10 और 11 जुलाई की रात ज्योलीकोट–क्वारब राष्ट्रीय राजमार्ग पर पत्थर और मलबा गिरने के गंभीर खतरे को देखते हुए रात्रिकालीन यातायात पूरी तरह बंद रहेगा।

Ad

इस दौरान अल्मोड़ा, रानीखेत और नैनीताल की ओर आने-जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं, जबकि एम्बुलेंस और अग्निशमन सेवा को इस व्यवस्था से छूट दी गई है।

यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले डायवर्जन योजना की जानकारी अवश्य लें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

अधिशासी अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग खंड, लोक निर्माण विभाग, हल्द्वानी द्वारा अवगत कराया गया है कि मौसम विभाग के 10 एवं 11 जुलाई 2026 के भारी वर्षा अलर्ट के दृष्टिगत राष्ट्रीय राजमार्ग-87 विस्तार (नया एनएच-109) के ज्योलीकोट–क्वारब मार्ग पर कि.मी. 26 (पाड़ली), कि.मी. 33 (फ्रॉग पॉइंट) एवं कि.मी. 38 (छड़ा) क्षेत्र में रात्रि के समय पहाड़ी से पत्थर एवं मलबा गिरने की अत्यधिक संभावना बनी हुई है।

इससे मार्ग पर आवागमन करने वाले यात्रियों एवं रखरखाव कार्य में लगे कार्मिकों की सुरक्षा को गंभीर खतरा हो सकता है।

जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 10 और 11 जुलाई 2026 को प्रतिदिन रात्रि 10:00 बजे से प्रातः 05:00 बजे तक ज्योलीकोट–क्वारब मार्ग पर यातायात अस्थायी रूप से बंद रहेगा। इस अवधि में निम्नानुसार डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी।

1. अल्मोड़ा से हल्द्वानी जाने वाले सभी वाहन क्वारब–नथुवाखान–रामगढ़–भवाली होकर हल्द्वानी जाएंगे।

2. रानीखेत से हल्द्वानी जाने वाले सभी वाहन अल्मोड़ा–क्वारब–नथुवाखान–रामगढ़–भवाली होकर हल्द्वानी जाएंगे।

3. हल्द्वानी से अल्मोड़ा जाने वाले वाहन खुटानी मार्ग से अल्मोड़ा जाएँगे तथा अन्य वाहन भवाली–रामगढ़–नथुवाखान–क्वारब होकर अल्मोड़ा जाएंगे।

4. हल्द्वानी से रानीखेत जाने वाले सभी वाहन भवाली–रामगढ़–नथुवाखान–क्वारब–अल्मोड़ा होकर रानीखेत जाएंगे।

5. नैनीताल/ज्योलीकोट से अल्मोड़ा एवं रानीखेत जाने वाले सभी वाहन भवाली–रामगढ़–नथुवाखान–क्वारब होकर अपने गंतव्य को जाएंगे।

एम्बुलेंस एवं अग्निशमन (फायर) सेवा के वाहन इस डायवर्जन व्यवस्था से मुक्त रहेंगे।

प्रशासन से सभी यात्रियों, वाहन स्वामियों एवं चालकों से अपील की है कि अपनी यात्रा की योजना डायवर्जन व्यवस्था के अनुसार बनाएं और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित यात्रा करें।

What’s your Reaction?
+1
1
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें