एक कार ने बचाई कई जिंदगियां! नैनीताल में विशालकाय बोल्डर ने सांसें अटकाई (video)

खबर शेयर करें -

नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। नैनीताल में सोमवार शाम उस वक्त बड़ा हादसा होते होते बच गया, जब पहाड़ी से एक बड़ा बोल्डर लुढ़ककर आबादी क्षेत्र में खड़ी एक कार के ऊपर जा गिरा। पत्थर के टूटे हिस्से ही इतने बड़े थे कि उन्होंने स्कूटी और बाइक को दूर छटका दिया।

नैनीताल में तल्लीताल के कृष्णापुर क्षेत्र में शाम लगभग 6 बजे एक बोल्डर टूटा और लुढकते हुए घर के बाहर खड़ी बलीनो कार के ऊपर जा गिरा। बोल्डर इतना बड़ा था कि उससे पूरी कार बुरी तरह से कागज की तरह पिचक गई।

Ad

देखें वीडियो: नैनीताल में बोल्डर ने अटकाई सांसें 

विशालकाय बोल्डर के साथ कुछ पत्थर और भी नीचे लुढ़ककर आए जिन्होंने मोटर साइकिल और स्कूटी को खाई में धकेल दिया। कार के ऊपर गिरा बोल्डर अगर कार से नीचे जाता तो कई घरों और उसमें रहने वालों को भारी नुकसान हो सकता था।

स्थानीय निवासी अनिल सिंह रावत ने बताया कि अगर ये गाड़ी नहीं होती तो जान माल का बहुत बड़ा नुकसान होता। उन्होंने आरोप लगाया कि ये बोल्डर आजतक नहीं गिरा और ये आसपास चल रहे निर्माण कंपनी के कार्यों की वजह से लुढ़का।

कहा कि यहां चार हजार परिवार रहते हैं और स्कूली बच्चे इसी रास्ते आते जाते हैं। गाड़ी के स्वामी पंकज चौधरी ने बताया कि शाम लगभग 6 बजे ये पत्थर गिरा जिससे उनकी खड़ी कार पूरी तरह सेक्षतिग्रस्त हो गई है। कंपनी पर आरोप लगाते हुए पंकज ने कहा कि इस बोल्डर पर ड्रिल करने के बाद काम को रोक क्यों दिया गया?

फिलहाल इस हादसे के सामने आने के बाद क्षेत्रवासी डरे सहमे हैं।

इधर, “प्रेस 15 न्यूज” की खबर जैसे ही वायरल हुई तो स्थानीय प्रशासन भी अलर्ट मोड पर आया। प्रशासन ने खतरे को देखते हुए बचे हुए बोल्डरों के नीचे से लगभग 25 परिवारों को हटाने की कार्यवाही शुरू की है।

तहसीलदार अक्षय भट्ट के माध्यम से सभी परिवारों के लिए पैक्ड फ़ूड पहुंचाए गए। विस्थापितों को नजदीकी स्कूल में शरण दी जा रही है। एसडीएम नवाज़िश ख़लिक़ ने बताया कि मंगलवार सवेरे रॉक/बोल्डर को तोड़ने के बाद ही इन विस्थापितों को वापस भेजा जाएगा।

(नैनीताल से वरिष्ठ पत्रकार कमल जगाती की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)

What’s your Reaction?
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें