
कर्णप्रयाग, प्रेस 15 न्यूज। उत्तराखंड के सरकारी विभागों में भ्रष्ट्राचार किस कदर व्याप्त है, इसकी बानगी देखिए। अब भ्रष्ट अधिकारी स्वर्ग सिधार चुके लोगों के नाम से भी पैसा बनाने से नहीं चूक रहे हैं।
हालांकि उत्तराखंड समाज कल्याण विभाग समेत अन्य विभागों में ऐसे कई घोटाले पूर्व में आ चुके हैं जहां भ्रष्ट अधिकारियों ने घोटालों को अंजाम दिया।

ताजा मामला पोखरी ब्लॉक का है। यहां ग्रामीण बचत केंद्र मसौली में करोड़ों रुपये की वित्तीय अनियमितता और गबन के मामले में दो सरकारी अधिकारी गिरफ्तार हुए हैं।
पूर्व सचिव मोहनलाल, निवासी नौटी (कर्णप्रयाग) और सहकारिता (आंकिक) अमित सिंह नेगी, निवासी नौली (पोखरी) को गोपेश्वर से गिरफ्तार किया गया।
सहायक विकास अधिकारी राजन कुमार की तहरीर पर थाना पोखरी में मामला दर्ज किया गया था। दोनों पर साल 2017 से 2023 के बीच 76 लाख 48 हजार 559 रुपये के गबन का आरोप है।
जांच में मृत खाताधारकों के नाम पर फर्जी हस्ताक्षर और जाली दस्तावेजों के जरिए धन निकासी का खुलासा हुआ।
162 खातों में गड़बड़ी पाई गई, जिनमें कई निकासी फॉर्म पर एक ही व्यक्ति के हस्ताक्षर मिले। पुलिस ने विशेष कैंप लगाकर 110 खाताधारकों के बयान दर्ज किए, जिन्होंने निकासी की जानकारी से इनकार किया।
लेखा सहायक अमित सिंह नेगी ने 1.15 करोड़ रुपये से अधिक की निकासी की गई, जो बैंक में जमा नहीं हुई। पूर्व सचिव मोहनलाल ने 12.5 लाख रुपये की अवैध निकासी की, जो उनकी अधिकृत सीमा से बाहर थी। समिति पर 800 खातों में 26 लाख से अधिक की देनदारी भी सामने आई है। अन्य अधिकारियों की भूमिका की भी जांच चल रही है।

