उत्तराखंड लोकसभा चुनाव 2024: न कोई जुमला न कोई कलाकारी, UKD वाले नेवी के जांबाज ऑफिसर शिव सिंह के घोषणा पत्र का नहीं कोई सानी 

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। उत्तराखंड की पांचों लोकसभा सीटों पर 19 अप्रैल दिन शुक्रवार को मतदान होना है। करीब एक महीने तक चले चुनाव प्रचार के बाद अब जनता को यह तय करना है कि उसका वोट किस प्रत्याशी को जाता है।

इस चुनाव में जहां भाजपा ने मोदी को गारंटी के तौर पर अपना घोषणा पत्र जनता के सामने रखा तो वहीं कांग्रेस ने भी पांच न्याय और 25 गारंटी के जरिए जनता के बीच माहौल बनाने की कोशिश की।

इन सबके बीच नैनीताल उधम सिंह नगर लोकसभा सीट पर उत्तराखंड क्रांति दल के प्रत्याशी शिब सिंह रावत का घोषणा पत्र उत्तराखंड की जनता के बीच चर्चा का केंद्र बना रहा। इस बार यूकेडी के प्रत्याशी पूर्व नेवी कमांडो ऑफिसर शिव सिंह रावत लाठी चुनाव चिन्ह के साथ जनता के बीच हैं।

काशीपुर निवासी और पूर्व नेवी कमांडो शिब सिंह रावत के इस घोषणा पत्र में गौर करें तो इसमें आम व्यक्ति के हक में वो तमाम बातें लिखी गई हैं जिनकी वर्तमान धन बल और पाला बदल वाली दूषित राजनीति में कल्पना भी नहीं की जा सकती। यकीनन ये एक आम जनता के हितों वाला घोषणा पत्र है।

अब देखना होगा कि राष्ट्रीय पार्टियों के मकड़जाल में फंसी जनता के दिलोदिमाग तक गौरव सैनानी शिब सिंह रावत का यह घोषणा पत्र पहुंच पाता है या एक बार फिर जनता भाजपा और कांग्रेस के बीच ही अपना सांसद चुनती है।

सुनिए UKD वाले नेवी के जांबाज शिब सिंह रावत की हुंकार

23 साल के सफर में जिस तरह से उत्तराखंड की जनता ने विकास के नाम पर विकास का कुचक्र और युवाओं, बुजुर्गों, किसानों, व्यापारियों और महिलाओं के हक हकूक ओर अस्मिता से खिलवाड़ होते देखा है, उसने अब ये सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर कब तक देवभूमि की जनता राष्ट्रीय पार्टियों के दिल्ली से चलने वाले रिमोट पर भरोसा करेगी?

उत्तराखंड के हक में हर बड़ा फैसला जब दिल्ली में बैठे नेताओं को ही लेना है तो फिर कैसे उत्तराखंड में बैठे नेताओं पर भरोसा किया जाए? ये मत भूलिए कि विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले उत्तराखंड राज्य को राष्ट्रीय पार्टियों ने 42 शहादतों के बाद यहां के लोगों को दिया है, इस बात की गहराई को उत्तराखंड के लोगों को समय रहते समझ जाना चाहिए।

क्योंकि ये तय है कि भले ही यह चुनाव देश की सरकार बनाने का हो लेकिन इस चुनाव के परिणाम का असर देवभूमि की पांचों लोकसभा सीटों के करोड़ों लोगों की जिंदगी पर भी पड़ने वाला है।

आइए आप भी जानिए आखिर नेवी के जांबाज ऑफिसर शिब सिंह रावत का घोषणा पत्र न केवल नैनीताल उधमसिंह नगर लोकसभा सीट बल्कि पूरे उत्तराखंड में चर्चा का विषय क्यों बना।

नेवी के जांबाज ऑफिसर शिब सिंह रावत का घोषणा पत्र

1. माता-पिता व बेटी के रिश्ते को छोड़कर शेष सभी गृहस्थ रिश्ते समाप्त करके अपना शरीर चिकित्सा विज्ञान अध्ययन हेतु दान कर दूंगा और शेष जीवन संयासी बनकर प्रदेश की सेवा करूंगा।

2. सांसद वेतन का 1/4 पार्टी फंड में, 1/4 स्वयं के प्रदेश भ्रमण व 1/2 स्वास्थ्य व शिक्षा हेतु खर्च करूंगा।

3. धनगढ़ी, सिंगटाली पुल, काशीपुर रेलवे ओवर ब्रिज, पुरानी पेंशन और गैरसैण राजधानी हेतु अनशन करूंगा।

4. मूल निवास, चकबंदी, भू-कानून और राज्य आंदोलनकारियों की समस्या हेतु आवाज उठाऊंगा।

5. इंसान व खेती पर वन्य जीव हमलो के समाधान हेतु आवाज उठाऊंगा।

6. परीक्षा प्रश्न पत्र लीक की रोकथाम करके युवाओं का भविष्य बचाऊंगा।

7. हर नल पर जल और गुजरात की तर्ज पर 5/-रू. में सम्पूर्ण इलाज सरकारी अस्पताल में दिलवाऊंगा।

8. सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को आने-जाने की मुफ्त बस सेवा दिलवाऊंगा।

9. उद्योगों में स्थानीय लोगों हेतु 70 प्रतिशत नौकरी आरक्षण को अनिवार्य करवाऊंगा।

10. हर विधानसभा में एक-एक खेल स्टेडियम बनवाऊंगा।

11. साहसिक खेलों हेतु उपयुक्त देवभूमि में पैराग्लाइडिंग/हेन्डग्लाइडिंग/माउण्टेनियरिंग, रिवर राफ्टिंग और जिप लाईनर जैसे आकर्षण से पर्यटन रोजगार पैदा करवाऊंगा।

12. पहाड़ की बहुमूल्य औषधीय जड़ी-बूटी के साथ बागवानी द्वारा रोजगार पैदा करवाऊंगा।

13. स्वरोजगार करके, परिवार का पालन पोषण करने वाले, जैसे कि टैम्पू, रिक्शा, टैक्सी, मिस्त्री, बढ़ई, लोहार, नाई, प्लम्बर व लोकल इलाज करने वाले डाक्टरों का सरकारी शोषण होना बंद करवाऊंगा।

14. भेष बदलकर छापामार के कमीशन व घूस का भ्रष्टाचार खत्म करवा दूंगा।

15. सैनिकों के OROP व अग्निवीर जैसे ज्वलंत मुद्दों हेतु संसद में आवाज उठाऊंगा।

16. प्रमुख चौराहों पर अपना मोबाइल नम्बर उपलब्ध करवाऊंगा और एक शिकायत पेटी भी टंगवाऊंगा।

17. टिहरी व कालागढ़ बांघों से पैदा होने वाली बिजली की आधी मात्रा उत्तराखण्ड प्रदेश के लिए दिलवाऊंगा।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें