
नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। नैनीताल में श्रीराम सेवक सभा की रामलीला में महाराजा लंकेश को पराजित कर प्रभु श्रीराम ने असत्य पर सत्य की जीत दर्ज की। रावण वध को साक्षात करने के लिए नैनीताल और आसपास के हजारों लोग मैदान में मौजूद हुए। बढ़ती ठंड की वजह से लोग जैकेट और स्वेटरों में पहुंचे।
नैनीताल में सर्द मौसम के बीच गुरुवार को रामलीला सम्पन्न हुई। श्रीराम सेवक सभा की इस रामलीला को मल्लीताल बाजार के रामलीला स्टेज में आयोजित किया जाता है। अन्त में रावण वध के मौके पर अत्यधिक भीड़ को देखते हुए आयोजन भारी पुलिस सुरक्षा के बीच फ्लैट्स मैदान में होता है।

गुरुवार सवेरे से दोपहर तक बरसात के कारण रावण, मेघनाथ और कुम्भकरण का पुतला भीग गया। बड़ी ठंड के कारण दर्शक गर्म कपड़ों में दिखे। राम की सेना मैदान में बनाए गए स्टेज पर पहुंची और राम पूजन, वंदना के साथ पूजा अर्चना और हनुमान चालीसा का पाठ पढ़ा गया। प्रचंड विद्वान रावण ने लक्ष्मण को रीति नीति का ज्ञान दिया। नगर पालिका भवन को भी विद्युतीकरण कर राष्ट्रध्वज का रंग दिया गया था। अहिरावण की पराजय के बाद रावण और राम युद्ध हुआ।
मैदान के बीचों बीच बने 51 फीट ऊंचा अहंकारी रावण, मेघनाथ और कुम्भकरण का पुतला अधर्म पर धर्म की विजय के रूप में दहन किया गया। सुरक्षा के मद्देनजर आमजन को दूर किया गया।
इस मौके पर विधायक सरिता आर्या, नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल, पूर्व सांसद महेंद्र सिंह पाल, दर्जा राज्यमंत्री शांति मेहरा, सभा के अध्यक्ष मनोज साह, सचिव जगदीश बवाड़ी, मुकेश जोशी ‘मोंटू’, आयुक्त दीपक रावत, आईएएस विनीत तोमर, एसपी जगदीश चंद्र, ललित तिवारी गिरीश जोशी, विमल चौधरी, मोहित साह, विक्रम साह, भीम सिंह कार्की आदि मौजूद रहे।
(नैनीताल से वरिष्ठ पत्रकार कमल जगाती की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)

