
चंपावत, प्रेस 15 न्यूज। उत्तराखंड में शुक्रवार की सुबह हृदय विदारक हादसे ने सबको झंकझोर दिया। शादी की खुशियों में झूम रहे मां बेटे समेत पांच लोगों की सांसें थम गई। जबकि पांच घायल हैं।
चंपावत जिले में आज सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। पाटी से गंगोलीहाट लौट रही बारातियों से भरी एक बोलेरो जीप सिंगदा के पास अनियंत्रित होकर 200 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसा सुबह करीब 3 बजे हुई। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
गुरुवार को पिथौरागढ़ जिले के शेराघाट निवासी बबलू की बारात चंपावत जिले के बालातड़ी गांव आई हुई थी। बारात दुल्हन लेकर वापस लौट रही थी।
वापसी में देर रात लोहाघाट घाट राष्ट्रीय राजमार्ग में बाघधार के पास बारात के काफिले का एक वाहन बोलेरो वाहन यूके04 tb 2074 200 फीट गहरी खाई में गिर गया। इसमें सवार 5 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई है। घायलों को खाई से निकालकर लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय भेजा गया है।
सूचना पर पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुँची और रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों और शवों को खाई से बाहर निकाला। घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त चालक नशे में था।
हादसे में घायलों के नाम:
धीरज पुत्र प्रकाश चंद्र निवासी रुद्रपुर
राजेश (14) पुत्र उमेश चंद्र जोशी निवासी लाखतोली
चेतन चौबे 5 वर्ष पुत्र सुरेश चौबे निवासी दिल्ली
भास्कर पांडा किलोटा, वाहन चालक
देवदत्त (38) पुत्र रामदत्त निवासी सल्ला भाटकोट शेराघाट
गंभीर रूप से घायल वाहन चालक भास्कर को चंपावत जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है।
हादसे में मृतकों के नाम:
भावना चौबे निवासी दिल्ली
भावना का बेटा प्रियांशु (6 वर्ष)
प्रकाश चंद्र उनियाल (40) बिलासपुर
केवल चंद्र उनियाल (35) बिलासपुर
सुरेश नौटियाल (32) पंतनगर (उधम सिंह नगर)
भीषण हादसे में दिल्ली निवासी सुरेश चौबे ने अपनी पत्नी भावना और बेटे प्रियांशु को खो दिया। एक बेटा चेतन घायल हो गया है। मासूम चेतन के सिर से मां का साया व भाई का साथ छूट गया। इस हादसे ने कभी न भूलने वाला जख्म दे दिया।








