
सोमेश्वर, प्रेस 15 न्यूज। अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर क्षेत्र के घुड़दौड़ा गांव में देर रात भारी बारिश ने तबाही मचा दी। लगातार हो रही बारिश के बीच हुए भूस्खलन से खेत-खलिहान बह गए। इस आपदा ने ग्रामीणों को भयभीत कर दिया।
क्षेत्र पंचायत सदस्य हेमंत कुमार ने बताया कि देर रात लगातार बारिश हो रही थी। इस बीच अचानक बिजली चमकने के बाद एक ही जगह पर तेज बारिश शुरू हो गई। कुछ ही पलों में मलबा और पानी खेतों को बहाकर ले गया। गनीमत रही कि भूस्खलन घर के आगे थोड़ी दूरी पर हुआ, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता है

इस घर में दो परिवार रहते हैं जिसमें से पत्रकार जीवन राज वर्तमान में हल्द्वानी रहते है, जबकि उनकी दादी
भागुली देवी और छोटी चाची अपने परिवार के साथ इसी घर में रहते है। रविवार रात सभी लोग घर में सो रहे थे। तभी शोरशराबे के बीच पड़ोसियों ने फोन कर उन्हें सतर्क किया। ग्रामीणों ने उन्हें घर में न रुकने की सलाह दी। समय रहते जानकारी मिलने पर पूरा परिवार सुरक्षित बाहर आ गया।

पत्रकार जीवन राज ने फेसबुक पोस्ट के माध्यम से इस आपदा के दंश को जाहिर किया।
उन्होंने लिखा कि कल रात हमारे पहाड़ के घर में आपदा टूट पड़ी। घर में सोई मेरी दादी और चाची बच्चे इस आपदा में बाल बाल बचे। घर के ठीक आगे खेत पर बादल फटा। भारी आवाज से मकान भी हिल गया।
भगवान का शुक्र है हमारा घर बाल बाल बच गया। जिसे घर में सोई दादी और चाची बच्चों की जान बच गई। आपदा आपने साथ हमारे खेतों को बहाते हुए पड़े पत्थर सब ले गई। अब मकान को खतरा बना है। परिवार के लोग डर से दूसरी जगह चले गए।
ये वही खेत हैं जिसमें हमारा बचपन बीता। ये वहीं खेत है जिनमें हम बचपन में खेलते थे, ये वही खेत हैं जिन्हें सुबह उठते ही आंखों के सामने देखते थे। ये वही खेत हैं जिसमें से हम ककड़ी, मक्के, सब्जी, आड़ू और आलूबुखौरा खाते थे। आज सुबह जब मेरे पास वीडियो और फोटो आई तो सन्न रह गया। जिन्हें देखते हुए मैंने जवानी की दहलीज पर कदम रखा। आज वह तबाह हो गए। बचपन की यादें आज आपदा में समा गई।
