

नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थल होने के चलते नैनीताल की खूबसूरत वादियां सालों से सैलानियों के आकर्षण का केंद्र रही हैं। ऐसे में साल दर साल सैलानियों की बढ़ती भीड़ के चलते दिलखुश वादियों से घिरा यह शहर बढ़ते ट्रैफिक के दबाव को झेल नहीं पा रहा है।
हाइकोर्ट और तमाम सरकारी विभागों के दफ्तर होने के चलते यहां पहले से ही वीआईपी और वीवीआईपी मूवमेंट रहता है। ऐसे में फर्राटा भरती सरकारी दस्ते की गाड़ियों के बीच यहां देश भर से पहुंचने वाले पर्यटकों के वाहन भी पहुंचते हैं।
सरोवरनगरी नैनीताल आने वाले सैलानियों और स्थानीय लोगों की सबसे बड़ी समस्या पार्किंग को लेकर है। इस साल पर्यटन सीजन में नैनीताल आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को बड़े हुए टोल और पार्किंग का झटका लगा है। इस बीच पार्किंग को लेकर बड़ा अपडेट आया है।
गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा नैनीताल स्थित शत्रु संपत्ति मेट्रोपोल होटल परिसर को अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक पार्किंग के रूप में उपयोग के लिए उत्तराखण्ड सरकार को आवंटित कर दिया गया है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र द्वारा इसकी जानकारी दी है। मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से नैनीताल में पार्किंग की गंभीर समस्या को देखते हुए शत्रु संपत्ति मेट्रोपोल होटल परिसर के खुले स्थान को पार्किंग हेतु अस्थायी रूप से आवंटित करने का अनुरोध किया था।
मुख्यमंत्री के अनुरोध को स्वीकार करते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा नैनीताल स्थित शत्रु संपत्ति मेट्रोपोल होटल परिसर को अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक पार्किंग के रूप में उपयोग के लिए उत्तराखण्ड सरकार को आवंटित कर दिया गया है।
इस निर्णय से नैनीताल जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल में आने वाले पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। पार्किंग की बढ़ती समस्या से निजात मिलने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था में भी सुधार होगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस निर्णय के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे नैनीताल में पार्किंग की समस्या को दूर करने में काफी सुविधा होगी।



