हल्द्वानी में आस्था के केन्द्र कालूसिद्व मंदिर को शिफ्ट करने की तैयारी, बदला बदला नजर आएगा कालाढूंगी चौराहा

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। बीते दिनों एचएन इंटर कॉलेज में आयोजित समाधान शिविर में हल्द्वानी के जिन व्यापारियों की जिलाधिकारी वंदना सिंह ने खड़े खड़े  आड़े हाथ लेते हुए अतिक्रमण पर क्लास ली थी, गुरुवार को वही व्यापारी डीएम के सामने कुर्सी में बैठे नजर आए। समाधान शिविर में याचक बने व्यापारी आज मेहमान थे।

हल्द्वानी कैम्प कार्यालय में जिलाधिकारी वंदना सिंह ने मंगलपडाव से रोडवेज स्टेशन तक सड़क चौडीकरण की जद में आ रहे व्यापारियों के साथ बैठक की। इस बैठक से हमेशा की तरह डीएम वंदना सिंह ने शहर के पत्रकारों यानी मीडिया को दूर रखा था। ऐसे में सूचना विभाग के माध्यम से जो सूचना आई, वह हम आपसे साझा कर रहे हैं।

सूचना विभाग के प्रेस नोट के आधार पर बैठक में जिलाधिकारी वंदना सिंह ने कहा कि सडक चौडीकरण में जिला प्रशासन ने लोगों के हितों को ध्यान में रखा है। जो व्यापारी पूर्णतः प्रभावित हो रहे है उनके लिए तात्कालिक तौर पर अस्थाई शेड की व्यवस्था की जाएगी। शासन से शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का प्रस्ताव भी स्वीकृत हेतु भेजा गया है, जिसमें उनकी स्थाई व्यवस्था की जाएगी।

डीएम ने कहा कि सडक चौडीकरण हो जाने से आम लोगों के साथ ही एम्बुलैंस, स्कूली बच्चे जिन्हें जाम के कारण अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड रहा है उससे राहत मिलेगी। साथ ही उक्त बॉटलनेक (संकरा रास्ता) का सुधारीकरण सड़क सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है।

डीएम ने व्यापारियों से कहा कि सडक के आसपास महिला अस्पताल, व्यवसायिक दुकानों आदि के होने से आने वाले ट्रैफिक का 60 प्रतिशत आंतरिक यातायात है। सडक की चौडाई 12 मीटर रहेगी जिसमें ड्रेनेज सिस्टम हेतु नालियों का निर्माण भी किया जाएगा और सडक चौडीकरण हो जाने से भविष्य में हल्द्वानी शहर वासियों एवं पर्यटकों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि सडक चौडीकरण से हल्द्वानी शहर को आंतरिक ट्रैफिक में दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।

जिलाधिकारी वंदना सिंह ने कहा कि सडक चौडीकरण से प्रभावित हो रहे कुल लोगों में से करीब 22 से 25 लोग इससे पूर्ण रूप से प्रभावित होंगे। उनके लिए प्रशासन द्वारा अस्थाई तौर पर वैकल्पिक व्यवस्था की जायेगी। जिन स्थानों का विकल्प दिया गया है उसमें से जिसमें भी व्यापारी सहमत होंगे, वहां अस्थाई शेड का निर्माण किया जायेगा।

डीएम ने कहा कि आस्था के केन्द्र कालूसिद्व मन्दिर को पूर्ण रूप से विधि-विधान के साथ शिफ्ट किया जायेगा। इसके लिए धर्मगुरूओं के दिशा निर्देशन में मन्दिर शिफ्टिंग के साथ ही पीपल के पेड़ को दूसरे स्थान पर ट्रांसप्लांट का कार्य किया जाएगा।

बताते चलें कि कालाढूंगी चौराहे पर स्थित अटूट आस्था का केन्द्र कालूसिद्व मन्दिर वर्तमान स्थान के पास ही पीछे की तरफ शिफ्ट होगा। इससे पहले कालाढूंगी चौराहे के आसपास सरकारी अतिक्रमण पर जिला प्रशासन जेसीबी चला चुका है। यानी जनता के टैक्स के पैसे से बनी इमारतें मलबा बन चुकी हैं। जिनमें बेस अस्पताल, स्टेडियम की दीवार, बिजली घर, सरस मार्केट की दीवार शामिल रही।

बैठक में व्यापारी विपिन गुप्ता, योगेश शर्मा, मनोज जायसवाल, दया किशन उपाध्याय, संदीप सक्सेना के अलावा सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई, एसडीएम परितोष वर्मा, उप नगर आयुक्त तुषार सैनी मौजूद रहे।

What’s your Reaction?
+1
2
+1
2
+1
0
+1
1
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें