
नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। नैनीताल के सूखाताल निवासी शिखा के घर में एक मॉनिटर लिजर्ड (गॉल) घुसने से दहशत का माहौल बन गया। करीब 3 फीट साइज वाले इस डरावने वन्यजीव के घुसने से आँगन में चहलकदमी कर रहे परिवार के होश उड़ गए।
नैनीताल में सूखाताल क्षेत्र के रहने वाली शिखा के घर में एक मॉनिटर लिजर्ड(गॉल) घुस आया। घर वालों ने उसे देखकर हल्ला मचाया तो वो गमलों के पीछे घुस गया। परिजनों ने वन विभाग को इसकी सूचना दी।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि ये दो से तीन की संख्या में हैं जो कई दिनों से आसपास दिख रहे थे।
रैप्टाइल परिवार से ताल्लुक रखने वाले मॉनिटर लिजर्ड छिपकली जैसे दिखते हैं। पूंछ से मारने वाले इस गॉल के दांत भी नुकिले होते हैं। कुछ समय पहले इससे कुछ बड़े साइज के गॉल दिखने से जीआईसी क्षेत्र में भी दहशत बढ़ गई थी। तब वन विभाग ने उन्हें जंगल की तरफ खदेड़ दिया था।
मॉनिटर लिजर्ड अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, अरब और एशिया में पाया जाता है। तीन फीट से दस फीट तक की लंबाई वाले ये लिजर्ड ज्यादातर ग्रे, भूरे या कभी कभी काले रंग के होते हैं। लिजर्ड की जीभ सांप की तरह होती है। इसका शरीर गठीला पंजे मजबूत, पूंछ नुकीली और गोल शरीर होता है। मॉनिटर लिजर्ड मांसाहारी है।
(नैनीताल से वरिष्ठ पत्रकार कमल जगाती की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)

