
उत्तरकाशी, प्रेस 15 न्यूज। देवभूमि उत्तराखंड की पावन पवित्र चारधाम यात्रा में शामिल होना सौभाग्य से कम नहीं है। यही वजह है कि देश दुनिया से लोग चार धामों के दर्शन को पहुंचते हैं। कपाट खुलने से लेकर बंद होने तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है।
आज 11.30 बजे गंगोत्री में मां गंगा मंदिर के कपाट शीतकालीन के लिए बंद कर दिए गए हैं। कपाट बंद होने पर धाम मां गंगा के जयकारों से गूंज उठा। मां गंगा के स्वागत के लिए मुखबा भी तैयार है। कपाट बंद होने के बाद अब यहीं मां गंगा के दर्शन होंगे।
वहीं, भैयादूज पर 23 अक्टूबर को यमुनोत्री में मां यमुना मंदिर के कपाट 12.30 बजे शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। इसके बाद मां यमुना की उत्सव मूर्ति के दर्शन खरसाली गांव में होंगे।
बताते चलें कि कार्तिक माह की अन्नकूट (गोवर्धन पूजा) के दिन मां गंगा की उत्सव डोली अपने शीतकालीन प्रवास मुखबा गांव के लिए रवाना होगी।
इस साल यात्राकाल में दोनों धामों में कुल 1402128 तीर्थयात्रियों का आगमन हुआ है। जिनमें यमुनोत्री धाम में आने वाले 644366 और गंगोत्री धाम में आने वाले 757762 तीर्थयात्री शामिल हैं। वहीं, 21 अप्रैल तक चारधाम में दर्शन करने वाले कुल श्रद्धालुओं की संख्या 49.30 लाख से अधिक हो चुकी है।









