
बागेश्वर, प्रेस 15 न्यूज। गरुड़ तहसील, बागेश्वर में तैनात एक राजस्व उपनिरीक्षक (पटवारी) का काम यूं तो हर दिन रिश्वत लेना ही था लेकिन शनिवार को उसकी पोलपट्टी खुल गई। विजिलेंस की टीम ने गरुड़ तहसील, बागेश्वर में तैनात राजस्व उपनिरीक्षक (पटवारी) प्रवीण सिंह टाकुली को 5000 ₹ की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
पटवारी पर भूमि संबंधी कार्य को निपटाने के लिए एक स्थानीय व्यक्ति से अवैध रूप से पैसे मांगने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, राजस्व उपनिरीक्षक प्रवीण सिंह टाकुली गरुड़ तहसील के अंतर्गत अपनी सेवाएं दे रहा था। मनोज सिंह नामक व्यक्ति को अपना भूमि संबंधी कार्य निपटाना था, जिसके लिए टाकुली कथित तौर पर उनसे पैसों की मांग कर रहा था। बार-बार रिश्वत मांगे जाने से परेशान होकर, मनोज सिंह ने इसकी शिकायत विजिलेंस विभाग से की।
शनिवार को भ्रष्ट पटवारी प्रवीण सिंह टाकुली ने शिकायतकर्ता मनोज सिंह से रिश्वत की रकम ₹5,000 ली, जिस पर विजिलेंस टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।
आरोपी राजस्व उपनिरीक्षक के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।









