हल्द्वानी: टीपीनगर पुलिस चौकी को थाना बनाने की मांग, ट्रांसपोर्ट व्यापारियों की समस्या पर धामी सरकार दे ध्यान 

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। हल्द्वानी में बढ़ती आबादी के बीच समस्याओं में भी इजाफा हो रहा है। सड़क पर जाम लगना अब आम है तो अपराधियों के हौसले भी बुलंद हैं। इसी क्रम में आज देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल व कुमाऊं ट्रांसपोर्ट यूनियन संयुक्त मोर्चा ने धामी सरकार से मांग की है कि यातायात नगर पुलिस चौकी को थाने का दर्जा दिया जाए, जिससे कानून व्यवस्था बनी रहे।

देवभूमि व्यापार मंडल के कुमाऊं मंडल प्रवक्ता हरजीत सिंह चड्ढा ने पुलिस चौकी को थाना बनाने और यातायात नगर पुलिस चौकी को थाने का दर्जा देने की मांग की।

व्यापारी नेता हरजीत सिंह चड्ढा ने कहा कि चौकी का निर्माण केवल टीपी नगर की शांति व्यवस्था के लिए किया गया था। लेकिन चौकी का कार्य क्षेत्र बढ़ा दिया गया है। इसमें देवलचौड़ से लेकर फुटकुआं गन्ना सेंटर, मानपुर पश्चिम, मानपुर दक्षिण, जीतपुर नेगी, पंचायत घर, बिरला स्कूल, बेलबाबा हरिपुर जमन सिंह, महर्षि स्कूल वाला क्षेत्र भी जोड़ दिया गया है। जिससे पुलिस चौकी का कार्यभार काफी बढ़ गया और इस वजह से क्षेत्र में अपराध काफी बढ़ रहे हैं।

व्यापारियों ने कहा कि आज हल्द्वानी में यातायात व्यवस्था काफी बदहाल हो गई है। यातायात नगर से उत्तराखंड के समस्त जिलों में आर्थिक गतिविधियां संचालित होती हैं।

राष्ट्रीय राजमार्ग नैनीताल दिल्ली हाईवे इसी क्षेत्र में पड़ता है। जिससे मंडी बाईपास, यातायात नगर के तीनों गेट देवलचौड में सुबह से रात तक जाम की समस्या बनी रहती है। यातायात नगर चौकी जाम व्यवस्था देखने में ही व्यस्त रहती है।

व्यापारियों ने कहा कि पूर्व में डीजीपी को इस आशय से मांग पत्र दिया गया था। इस मौके पर व्यापारियों ने एक स्वर में धामी सरकार से टीपी नगर में थाना खोले जाने की मांग की जिससे यातायात व्यवस्था, शांति व्यवस्था के साथ ही कानून व्यवस्था में सुधार आ सके।

इस मौके पर यूनियन के अध्यक्ष राकेश जोशी, पंडित दया किशन शर्मा, उमेश चंद्र पांडे, ललित रौतेला, सौरभ अग्रवाल, राजेंद्र अग्रवाल आदि रहे।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें