हल्द्वानी: 35 साल पुराना ‘दीपक’ कांग्रेस में करेगा अंधेरा, विकास पुरुष की अनदेखी करेगी विनाश!

खबर शेयर करें -

संजय पाठक, हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियों के बीच उत्तराखंड में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है।

नैनीताल- उधमसिंह नगर लोकसभा सीट से कांग्रेस के प्रबल दावेदार माने जा रहे प्रदेश प्रवक्ता दीपक बल्यूटिया ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। इधर, प्रेस 15 न्यूज की खबर जैसे ही वायरल हुई तो दीपक को मनाने के लिए कई नेताओं के फोन घनघनाने लगे। दोपहर करीब 2:55 बजे हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश भी दीपक के आवास पर उन्हें मनाने पहुंचे।

दोपहर 2:55 बजे दीपक बल्यूटिया के आवास पर पहुंचे विधायक सुमित हृदयेश।

ऐसे में आने वाले लोकसभा चुनाव में नैनीताल में कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ना तय है। आज शाम दीपक बल्यूटिया आधिकारिक तौर पर इस्तीफे का एलान करेंगे।

दीपक बल्यूटिया का  ‘हाथ’ अब नहीं कांग्रेस के साथ

विश्वस्त सूत्रों के अनुसार, 54 साल के दीपक बल्यूटिया ने उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा और प्रीतम सिंह समेत लोकसभा प्रभारी कुमारी शैलजा से भी फोन पर कड़ी नाराजगी जताई है।

उन्होंने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने पंडित तिवारी के नाम का अपमान किया है। पिछले 35 साल से वह कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ता रहे लेकिन पार्टी ने टिकट फाइनल के दौरान उनसे बात तक करना जरूरी नहीं समझा। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने राज्य के समर्पित कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर गुटबाजी करने वालों को तव्वजो दी है।

माना जा रहा था कि स्वर्गीय नारायण दत्त तिवारी के भतीजे दीपक बल्यूटिया नैनीताल- उधमसिंह नगर लोकसभा के प्रबल दावेदार थे। लेकिन पार्टी ने उनकी अनदेखी की।

बताया जा रहा है कि 35 साल से कांग्रेस से जुड़े दीपक इस बात से भी नाराज हैं कि पार्टी के दिल्ली नेतृत्व ने विकास पुरुष पंडित नारायण दत्त तिवारी के योगदान को भुलाने का काम किया। ऐसे में नारायण दत्त तिवारी का भतीजा होने के बावजूद पार्टी से सम्मान न  मिलना भी दीपक बल्यूटिया के इस्तीफे की बड़ी वजह है।

पार्टी से जुड़े लोग बताते हैं कि दीपक बल्यूटिया का परिवार देश की आजादी की समय से कांग्रेस से जुड़ा रहा है। इससे पहले दीपक यूथ कांग्रेस में जिलाध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष के पद पर रह चुके हैं। वर्तमान में दीपक कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता के पद पर हैं।

17 साल की उम्र से कांग्रेस के सिपाही रहे दीपक बल्यूटिया राज्य के मुद्दों के साथ साथ हल्द्वानी में दमुआढूंगा में मालिकाना हक और बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा देने को लेकर भी समय- समय पर भाजपा सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करते रहे हैं। ऐसे में दीपक के पार्टी छोड़ने से कई समर्पित कांग्रेस कार्यकर्ता भी पार्टी का दामन छोड़ने का मन बना चुके हैं।

सूत्रों की मानें तो नैनीताल- उधमसिंह नगर लोकसभा  सीट पर दीपक बल्यूटिया का नाम कई दिनों से चर्चाओं में चल रहा था। पार्टी के कार्यकर्ताओं को भी यकीन था कि नारायण दत्त तिवारी की विरासत और समर्पित कार्यकर्ता के तौर पर दीपक बल्यूटिया को ही इस बार टिकट मिलेगा। लेकिन आखिरी वक्त में पार्टी ने दीपक बल्यूटिया की अनदेखी कर दी।

कांग्रेस पार्टी ने दीपक बल्यूटिया को वरीयता न देते हुए नैनीताल- उधमसिंह नगर लोकसभा सीट पर कांग्रेस ने रणजीत रावत के नाम पर मुहर लगाने का फैसला लिया है। एक दिन पहले तक इस सीट पर प्रकाश जोशी के नाम की चर्चा थी। हालाकि अभी पार्टी ने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा नहीं की है।

ऐसे में ये तय है कि अगर दीपक पार्टी से अलग होते हैं तो नैनीताल में पार्टी को बहुत बड़ा नुकसान होना तय है। माना जा रहा है कि दीपक बल्यूटिया के साथ साथ करीब एक हजार समर्पित कार्यकर्ता भी कांग्रेस का दामन छोड़ सकते हैं।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें