
देवीधुरा, प्रेस 15 न्यूज। चंपावत जिले के देवीधुरा में मां बाराही देवी धाम में इस बार भव्य बग्वाल मेला 5 से 16 अगस्त तक संपन्न होगा। मेले का मुख्य आकर्षण पाषाण युद्ध “बग्वाल” 9 अगस्त को होगा।
आज बाराही धाम में चार खाम, सात थोक, मंदिर कमेटी और जिला प्रशासन की संयुक्त बैठक में मेले की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया।

निर्णय लिया गया कि इस साल मेला क्षेत्र का विस्तार करते हुए केदारनाथ से कनवाड़ बैंड तक आठ किमी की परिधि को लाइटिंग से जगमगाया जाएगा। बाहर से आने वाले व्यापारियों को अपना नाम पता दुकान के बाहर लिखना होगा।
मंदिर कमेटी के संस्थापक अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह लमगड़िया ने कहा कि इस मेले के प्रति देश के लोगों की जुड़ाव बढ़ने से हमारी जिम्मेदारियां भी बढ़ती जा रही है। “बग्वाल” में भाग लेने वाले चारों खामों के लोगों को अनिवार्य रूप से ड्रेस कोड का पालन कर अपनी आईडी लगानी होगी। बताया कि मेले के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी होंगे।
मेला क्षेत्र सीसीटीवी से लैश और एलईडी स्क्रीन की संख्या भी बढ़ेगी। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट की अध्यक्षता एवं पीठाचार्य कीर्ति शास्त्री के संचालन में करीब 3 घंटे तक चली बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों के अलावा गहड़वाल खाम के त्रिलोक सिंह बिष्ट ,चमियाल खाम के गंगा सिंह चमियाल , वालिक खाम के बद्री सिंह बिष्ट, लमगड़िया खाम के प्रमुख वीरेंद्र लमगड़िया, श्रीगुरो भोपाल सिंह बिष्ट के अलावा चम्पावत, अल्मोड़ा, नैनीताल जिलों के धर्मप्रेमीजन मौजूद रहे।
इससे पूर्व मंदिर कमेटी के संस्थापक अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह लमगड़िया ,मोहन सिंह बिष्ट ,चेतन भईया, चंदन बिष्ट, हयात सिंह, विशन चम्याल ,दीपक चम्याल ने डीएम मनीष कुमार, एसपी अजय गणपति का स्वागत किया।

