

बागेश्वर, प्रेस 15 न्यूज। उत्तराखंड में जहां जिसका बस चल रहा है वो रिश्वत मांगने से नहीं चूक रहा है। अच्छी बात यह है कि विजिलेंस की टीम सक्रिय होने से भ्रष्ट्राचारियों की करतूत और चेहरे बेनकाब हो रहे हैं।
इसी क्रम में विजिलेंस की टीम ने आज बागेश्वर के जिला सैनिक कल्याण अधिकारी सुबोध शुक्ला (सेवानिवृत्त कर्नल) को 50,000 ₹ की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
धामी सरकार में अब तक 150 से ज्यादा भ्रष्ट्राचारियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
बागेश्वर की यह कार्रवाई 1064 टोल फ्री नंबर पर शिकायत मिलने के बाद की गई। शिकायतकर्ता ने 1064 टोल फ्री नंबर पर जानकारी दी थी कि वह एक सेवानिवृत्त सैनिक हैं और जिला सैनिक कल्याण विभाग से सेवा विस्तार संबंधी कार्य करवा रहे हैं। आरोपी अधिकारी ने उनसे काम के बदले 50 हजार की रिश्वत की मांग की थी।
इस सूचना के बाद विजिलेंस टीम ने पूरी योजना बनाकर ट्रैप ऑपरेशन को अंजाम दिया। 24 मई 2025 को बागेश्वर के सेना निवृत्त ग्राम रामपुर, तहसील कपकोट निवासी सुबोध शुक्ला को रिश्वत की रकम लेते ही दबोच लिया गया। उनके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है और शुक्ला को गिरफ्तार किया गया है।



