
चमोली, प्रेस 15 न्यूज। उत्तराखंड के चमोली जिले की देवलग्वाड़ ग्राम पंचायत से एक दुखद खबर सामने आई है। आगामी पंचायत चुनाव से ठीक पहले प्रधान पद के प्रत्याशी राजेंद्र सिंह (38 वर्ष) का शनिवार को इलाज के दौरान निधन हो गया। इस असामयिक घटना ने पूरे गांव को गहरे शोक में डुबो दिया है।
राजेंद्र सिंह बीते कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। शुक्रवार को तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें थराली अस्पताल ले जाया गया, जहां से हायर सेंटर रेफर किया गया। लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद शनिवार को उन्होंने अंतिम सांस ली।

राजेंद्र सिंह अपने मिलनसार और कर्मठ स्वभाव के लिए क्षेत्र में बेहद लोकप्रिय थे। उनकी असमय मौत से न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरा गांव शोक में डूबा है। वह अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं।
निर्वाचन अधिकारी अश्विनी गौतम ने उनके निधन की पुष्टि करते हुए प्रधान पद पर चुनाव स्थगित करने के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि पंचायत में संवेदनशील माहौल को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। अन्य पदों पर चुनाव प्रक्रिया पूर्ववत जारी रहेगी। प्रधान पद के लिए नई तिथि निर्वाचन आयोग बाद में घोषित करेगा।

