

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध अमर लोकगायक स्वर्गीय पप्पू कार्की के पुत्र दक्ष कार्की ने पारंपरिक लोकगायन के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्हें भारत सरकार की प्रतिष्ठित CCRT (Centre for Cultural Resources and Training) छात्रवृत्ति प्राप्त हुई है। यह स्कॉलरशिप उन्हें लोकगायन विधा में उनकी प्रतिभा और निष्ठा को देखते हुए प्रदान की गई है।
दक्ष कार्की वर्तमान में संगीताचार्य डॉ. जगमोहन परगाई के सान्निध्य में संगीत गायन का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। कम उम्र में ही दक्ष ने मंचों पर अपनी गायकी से श्रोताओं का दिल जीता है और अपने पिता की विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया है।
डॉ. परगाई ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि दक्ष में असाधारण प्रतिभा है। वह न केवल अपने पिता की कला को आत्मसात कर रहे हैं, बल्कि उसमें नई ऊर्जा और नयापन भी ला रहे हैं। CCRT स्कॉलरशिप उनके उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।
दक्ष की माता कविता कार्की ने स्कॉलरशिप मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वह अपने पिता के सपनों को साकार करना चाहते हैं और उत्तराखंड की लोक संस्कृति को देश-दुनिया तक पहुँचाना उनका लक्ष्य है। इस उपलब्धि से उत्तराखंड के संगीत प्रेमियों और लोक संस्कृति से जुड़े लोगों में हर्ष का माहौल है।



